मध्य प्रदेश की नर्मदा घाटी एक बार फिर अपने भीतर छिपे हजारों-लाखों साल पुराने इतिहास की वजह से चर्चा में है। कभी यहां उड़ने वाले डायनासोर के अंडों के जीवाश्म मिलने की बात सामने आई थी तो अब जमीन से निकली एक विशालकाय आकृति ने वैज्ञानिकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। रायसेन जिले के देवरी तहसील के पतई गांव में नर्मदा नदी के किनारे खेल रहे बच्चों को मिट्टी में धंसी एक अजीबोगरीब आकृति दिखाई दी, जिसमें कई दांत नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने पहले इसे किसी देवी-देवता की मूर्ति समझकर पूजा शुरू कर दी, लेकिन जब इसकी तस्वीरें विशेषज्ञों तक पहुंचीं तो वरिष्ठ वैज्ञानिक और पुरातत्व विशेषज्ञ डॉ. रवि उपाध्याय ने इसे प्रागैतिहासिक हाथी के ऊपरी जबड़े और दाढ़ के दांतों का जीवाश्म बताया। विशेषज्ञ के अनुसार यह हिमयुग के दौरान रहने वाले भीमकाय हाथी का अवशेष हो सकता है, जिसकी ऊंचाई करीब चार से पांच मीटर और वजन 22 टन तक रहा होगा। यह जीवाश्म लाखों साल पुराने कालखंड का माना जा रहा है, जिसकी संभावित उम्र 5 लाख वर्ष से लेकर 24 हजार वर्ष पूर्व तक का अनुमान जताया गया है, हालांकि वास्तविक उम्र और प्रजाति का पता वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही चल सकेगा। इस खोज ने पांच साल पहले इसी नर्मदा क्षेत्र में मिले उड़ने वाले डायनासोर के अंडों के जीवाश्मों की याद ताजा कर दी है। जीवाश्म मिलने की जानकारी के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है और रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने बताया कि अवशेषों वाले स्थान को सुरक्षित किया जा रहा है तथा वैज्ञानिकों से संपर्क किया जा रहा है। कलेक्टर ने रात में ही देवरी तहसीलदार को मौके पर भेजा और चौकीदार की ड्यूटी लगवाई, साथ ही वैज्ञानिकों को तस्वीरें और वीडियो भेजे गए हैं। एक तरफ जहां गांव में महाभारत काल से जुड़ी कई किवदंतियां प्रचलित हैं, वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि अगर नर्मदा घाटी के इस पूरे इलाके का व्यवस्थित वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए तो कई महत्वपूर्ण खोज सामने आ सकती हैं और जमीन के भीतर दबा नर्मदा घाटी का छिपा इतिहास खुल सकता है।
नर्मदा घाटी में मिला 22 टन वजनी हिमयुगीन हाथी का जबड़ा, ग्रामीणों ने पहले की पूजा
मध्य प्रदेश की नर्मदा घाटी एक बार फिर अपने भीतर छिपे हजारों-लाखों साल पुराने इतिहास की वजह से चर्चा में है। कभी यहां उड़ने वाले डायनासोर के अंडों के जीवाश्म मिलने की बात सामने आई थी तो अब जमीन से निकल
NRI Post Hindi Desk · 11 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


