तावड़ू की अनाज मंडी में बाजरे की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नूंह क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में किसान अपनी बाजरे की फसल लेकर मंडी में पहुंच रहे हैं, लेकिन सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू न होने के कारण उन्हें मजबूरी में व्यापारियों को कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ रही है। किसानों का आरोप है कि जिला अधिकारी हैफेड धर्मेंद्र की लापरवाही का खामियाजा सीधे अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है। मंडी में बाजरे से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और किसान कई-कई घंटे मंडी में खड़े रहने को मजबूर हैं। दूसरी ओर पोर्टल पर फसल के सत्यापन और गेट पास कटने में आ रही दिक्कतों ने किसानों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। मंडी में बाजरे की फसल लेकर पहुंचे किसान बलजीत सिंह, अतुल सहरावत, धर्मपाल, राजेंद्र और दीन मोहम्मद का कहना है कि जब सरकारी खरीद की व्यवस्था समय पर शुरू नहीं हुई, तो उन्हें मजबूरी में कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ रही है। तावड़ू मंडी में इस बार बाजरे की सबसे अधिक आवक हुई है, इसके बावजूद खरीद प्रक्रिया सुचारु नहीं होने से किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों का कहना है कि सरकार ने एक अक्टूबर से बाजरे की सरकारी खरीद और भावांतर भरपाई योजना को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर ये दावे फिलहाल केवल घोषणाएं साबित हो रहे हैं। किसानों को न तो समय पर सरकारी खरीद का लाभ मिल रहा है और न ही भावांतर भरपाई योजना का भरोसा दिखाई दे रहा है। किसानों ने सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मंडी में तत्काल सरकारी खरीद शुरू कराई जाए, पोर्टल संबंधी समस्याओं को दूर कर गेट पास जारी किए जाएं और किसानों की फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए। किसानों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो उनकी आर्थिक परेशानी और बढ़ सकती है। बता दें कि रविवार को उप नेता प्रतिपक्ष चौधरी आफताब अहमद ने भी मंडी का निरीक्षण किया था और सरकार को घेरते हुए सीधे शब्दों में कहा कि जो किसान छह महीने मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं, उनको उनकी मेहनत का फल मिलना चाहिए। फसल खरीद और गेट पास की समस्याओं को लेकर जिला अधिकारी हैफेड धर्मेंद्र से बार-बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वह भी सवालों से बचते नजर आए।
नूंह के किसान सरकारी खरीद के इंतजार में, औने-पौने दाम पर बाजरा बेचने को मजबूर
तावड़ू की अनाज मंडी में बाजरे की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नूंह क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में किसान अपनी बाजरे की फसल लेकर मंडी में पहुंच
NRI Post Hindi Desk · 50 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




