नैनीताल की नयना पीक चोटी पर ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक छात्र अर्नव सिंह का 20 दिन बाद भी कोई सुराग न लगने से स्वजन बेहद हताश और निराश हैं। बिहार मूल का 19 वर्षीय अर्नव सिंह छह नवंबर से नयना पीक ट्रेकिंग मार्ग से लापता है। पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने जंगल व गहरी खाइयों में सघन सर्च अभियान चलाने के साथ ही ड्रोन से भी तलाश की, लेकिन छात्र का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस जांच से निराश होकर स्वजन ने घोड़ाखाल स्थित गोल्ज्यू मंदिर और कैंची धाम पहुंचकर अर्नव की सकुशल वापसी की अर्जी लगाई है। पिता पंकज कुमार ने बेटे की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये और सही सलामत लाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है। पिछले 20 दिनों से अर्नव के पिता, उसके तीन दोस्त और अन्य स्वजन कोतवाली के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। अब निराश पिता ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को उन्होंने कहा कि पुलिस केवल एक ही दिशा में जांच कर रही है। उन्होंने बेटे के गुम होने के दो दिन बाद तक उन्हें सूचना न देने, गुमशुदगी के बाद लंबे समय तक मांग करने के बावजूद उसका सिम कार्ड बंद रखने और जांच अधिकारी की ओर से अवकाश पर जाने के दौरान केस किसी अन्य अधिकारी को देने जैसे संगीन आरोप लगाए। पिता का कहना है कि पुलिस के पास अर्नव की तलाश के लिए कोई दैनिक रोडमैप नहीं है और न ही उन्हें जांच की रोजाना की प्रगति बताई जाती है। 17 नवंबर को उन्होंने जांच में तेजी लाने की मांग को लेकर एसएसपी मंजूनाथ टीसी से भी मुलाकात की थी, लेकिन उनके निर्देशों के बाद भी जांच में कोई सुधार नहीं आया है। उन्होंने ट्रेकिंग मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे और दिशा-सूचक न होने को लेकर वन विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से निराश होकर अर्नव और उसके दोस्तों के स्वजनों ने अब घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर व कैंची धाम में उसकी सलामती के लिए गुहार लगाई है। इसके साथ ही स्वजन अब व्यक्तिगत स्तर पर भी उसकी तलाश में जुट गए हैं। उन्होंने रातीघाट, भवाली, कैंची धाम, नैनीताल टैक्सी स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अर्नव के पोस्टर चस्पा कर खुद भी खोजबीन शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ, फायर, डाग स्क्वाड व ड्रोन टीमों ने भी पूरे जंगल में सर्च कर लिया है। विभागीय ग्रुप व डीसीआरबी द्वारा भी अन्य जिलों और प्रदेश की पुलिस से संपर्क स्थापित कर छात्र के गुम होने की सूचना प्रसारित की जा रही है। एसपी नैनीताल जगदीश चंद्र ने कहा कि छात्र को तलाश करने में पुलिस के प्रयासों में कमी नहीं है।
नैनीताल में 20 दिन से लापता बीटेक छात्र अर्नव सिंह की तलाश, परिवार ने कैंचीधाम में लगाई अर्जी, एक लाख का इनाम
नैनीताल की नयना पीक चोटी पर ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक छात्र अर्नव सिंह का 20 दिन बाद भी कोई सुराग न लगने से स्वजन बेहद हताश और निराश हैं। बिहार मूल का 19 वर्षीय अर्नव सिंह छह नवंबर से नयना पीक
NRI Post Hindi Desk · 1 घंटे पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


