लद्दाख घूमने का प्लान बनाने वाले अक्सर यह सोचते हैं कि पांच से दस दिन में सारी जगहें देख ली जाएंगी, लेकिन क्या किसी जगह को घूम लेना और उसे जीना एक ही बात है? इसी सवाल का जवाब कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर बनीं प्रेरणा दलाल ने दिया है। पैंतीस साल की उम्र में उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ी और यात्रा की दुनिया में कदम रखा। वह लेह के पास बसे एक छोटे से गांव में कुछ दिन बिताने पहुंची थीं, लेकिन देखते ही देखते वहां 14 दिन रुक गईं। यह गांव है स्टोक, जो लेह से करीब 15 किलोमीटर दूर कांगरी पहाड़ों के बीच बसा है। प्रेरणा ने अपनी इस 14 दिनों की जर्नी का अनुभव इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए साझा किया है, जिसके बाद यह गांव सुर्खियों में आ गया है और उनका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। प्रेरणा ने बताया कि वह पिछले दो महीनों से लद्दाख में हैं और इनमें से 14 दिन उन्होंने स्टोक गांव में ही बिताए। उन्होंने वीडियो में यह भी बताया कि स्टोक आने से पहले उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि यहां लद्दाख के आखिरी राजा का घर मौजूद है। इतने दिनों तक यहां ठहरने के बाद अब उन्हें यहां की राशन की दुकान से लेकर आसपास के सबसे सही रास्तों तक के बारे में भी पता है। वीडियो में पुराना पुल, पहाड़, गाय और एक छोटी सी दुकान भी नजर आती है। प्रेरणा ने इन दिनों में सिर्फ घूमने की जगहें ही नहीं देखीं, बल्कि लद्दाख के स्टाइल में मोमोज बनाना भी सीखा। होमस्टे में रहने के दौरान मेजबान के साथ चाय पर होने वाली बातचीत और स्थानीय लोगों से जान-पहचान उनकी इस यात्रा का खास हिस्सा बन गई। प्रेरणा का मानना है कि अगर वो सिर्फ कुछ लोकप्रिय जगहों को घूमकर लौट आतीं, तो उनको इतना बेहतरीन अनुभव नहीं मिलता। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि जितनी ज्यादा वह इस तरह से यात्रा करती हैं, उतना ही उन्हें एहसास होता है कि स्लो ट्रैवल यानी आराम से की गई यात्रा ही सबसे बेहतर है। इस तरह की यात्रा में आप वहां के लोगों को जान पाते हैं, रोजमर्रा की जिंदगी के सुकून को महसूस कर पाते हैं, और जब आप लौटते हैं तो उस जगह का एक छोटा सा हिस्सा हमेशा आपके साथ रह जाता है। आजकल कई लोग कम समय में ज्यादा से ज्यादा जगहें देखने की प्लानिंग बनाते हैं, लेकिन स्लो ट्रैवल का तरीका इससे अलग है, जिसमें किसी जगह को जल्दबाजी में देखने के बजाय वहां कुछ समय बिताया जाता है, स्थानीय लोगों से बातचीत की जाती है, उनके खानपान को समझा जाता है और गांव की गलियों में घूमकर रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से देखा जाता है। प्रेरणा के इस अनुभव ने यह साबित कर दिया कि लद्दाख की असली खूबसूरती कुछ लोकप्रिय स्पॉट में नहीं, बल्कि इन पहाड़ी अनछुए गांवों में बसी है, जहां अक्सर लोग जाते ही नहीं हैं।
नौकरी छोड़ घूमने निकली प्रेरणा, लद्दाख के स्टोक गांव में बिताए 14 दिन, वीडियो वायरल
लद्दाख घूमने का प्लान बनाने वाले अक्सर यह सोचते हैं कि पांच से दस दिन में सारी जगहें देख ली जाएंगी, लेकिन क्या किसी जगह को घूम लेना और उसे जीना एक ही बात है? इसी सवाल का जवाब कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर डि
NRI Post Hindi Desk · 22 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।
