न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दूसरे दिन रविवार को टीम इंडिया ए एक बार फिर बैकफुट पर नजर आई। पहली पारी में इंडिया ए की पूरी टीम सिर्फ 113 रनों पर ढेर हो गई थी, जिसके बाद उसके गेंदबाज मेजबान न्यूजीलैंड ए के बल्लेबाजों पर लगाम नहीं कस पाए और मेजबान टीम ने 317 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। अपनी दूसरी पारी में भी इंडिया ए को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी और सलामी बल्लेबाज एक बार फिर विफल रहे। हालांकि, देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने किसी तरह टीम को संभालने की कोशिश की है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंडिया ए ने दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 106 रन बना लिए हैं और वह अभी भी न्यूजीलैंड ए से 98 रन पीछे है। इंडिया ए का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 10 रन था, तब सुदर्शन और पडिक्कल ने टीम को संभाला और दोनों ने मिलकर दिन का खेल खत्म होने तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। पडिक्कल 56 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि सुदर्शन 39 रन बनाकर खेल रहे हैं। पडिक्कल ने अभी तक 89 गेंदों का सामना कर नौ चौके मारे हैं, वहीं सुदर्शन ने 104 गेंदें खेली हैं जिनमें से पांच पर चौके मारे। इस मैच का आयोजन इसलिए किया गया है ताकि टेस्ट टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी न्यूजीलैंड के हालात से वाकिफ हो सकें और असल चुनौती के लिए तैयार हो जाएं, लेकिन टीम के दिग्गज बल्लेबाज इसी मैच में फेल हो गए। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी पहली पारी में फेल रही और दूसरी पारी में भी यह सिलसिला जारी रहा। राहुल पहली पारी में खाता नहीं खोल पाए थे और दूसरी पारी में उनके बल्ले से सिर्फ चार रन ही निकले, जबकि पहली पारी में 17 रन बनाने वाले यशस्वी दूसरी पारी में पांच रनों से आगे नहीं जा पाए। इससे पहले, न्यूजीलैंड ए ने दिन की शुरुआत तीन विकेट के नुकसान पर 135 रनों के साथ की थी और आसानी से अपना स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। पहले दिन टीम के लिए 76 रन बनाने वाले कप्तान रिस मारियू इस पारी में भी टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने दूसरे दिन अर्धशतक जमाया और 79 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 51 रनों की पारी खेली, जबकि कुर्टीस हीफी ने 134 गेंदों पर 44 रन बनाए। भारत की तरफ से अंशुल कंबोज और आकिब नबी ने तीन-तीन विकेट लिए, आकाश दीप के हिस्से दो विकेट आए, जबकि मुकेश चौधरी और वॉशिंगटन सुंदर को एक-एक सफलता मिली।
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ संघर्ष में इंडिया ए, पडिक्कल और सुदर्शन ने संभाला मोर्चा; राहुल-यशस्वी फिर फ्लॉप
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दूसरे दिन रविवार को टीम इंडिया ए एक बार फिर बैकफुट पर नजर आई। पहली पारी में इंडिया ए की पूरी टीम सिर्फ 113 रनों पर ढेर हो गई थी, जिसके बाद
NRI Post Hindi Desk · 30 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



