ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर बड़ा संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि टेक्नोलॉजी और जरूरी मिनरल्स का हथियार की तरह इस्तेमाल ब्रिक्स देशों की साझा तरक्की में रुकावट डाल सकता है। ऐसे में टेक्नोलॉजी को अपनाने की प्रक्रिया में सबको साथ लेकर चलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान रेजिलिएंस, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी पर खास फोकस किया गया। इसी सोच के तहत टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, सप्लाई चेन और डिजिटल खेती जैसे क्षेत्रों में कई पहल की गई हैं। पीएम मोदी ने कहा कि टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल्स का वेपनाइजेशन यानी हथियार की तरह इस्तेमाल साझा प्रगति के रास्ते में रुकावट पैदा कर सकता है। इसलिए ब्रिक्स देशों ने टेक्नोलॉजी को अपनाने में समावेशी सोच पर जोर दिया है। यानी नई तकनीकों का फायदा कुछ देशों या चुनिंदा समूहों तक सीमित रखने के बजाय ज्यादा से ज्यादा देशों और लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि ग्लोबल साउथ की भविष्य की तकनीकों के विकास और उनसे जुड़े नियम तय करने में भी बराबर भागीदारी होनी चाहिए। टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल का एक बड़ा उदाहरण डिजिटल खेती के क्षेत्र में सामने आया है। पीएम मोदी ने ब्रिक्स नेटवर्क ऑन डिजिटल एग्रीकल्चर का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसानों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। इस पहल के जरिए एआई, जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को किसानों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ा जाएगा। मकसद यह है कि तकनीक का इस्तेमाल सीधे खेती और किसानों से जुड़ी जरूरतों के समाधान में हो। पीएम मोदी ने ब्रिक्स इन्क्यूबेटर नेटवर्क और स्टार्टअप इनोवेशन फंड का भी जिक्र किया। इन्क्यूबेटर नेटवर्क के जरिए ब्रिक्स देशों के स्टार्टअप और इन्क्यूबेटर्स को जोड़ने की पहल की गई है। वहीं स्टार्टअप इनोवेशन फंड का प्रस्ताव नए और बड़े स्तर पर लागू होने वाले समाधानों को बढ़ावा देने के लिए रखा गया है। इसके अलावा ब्रिक्स लॉजिस्टिक सप्लाई चेन कोऑपरेशन फ्रेमवर्क का भी जिक्र किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि इससे सप्लाई चेन को ज्यादा भरोसेमंद और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। ब्रिक्स देशों के बीच संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए इंटीग्रेटेड अर्ली वॉर्निंग सिस्टम पर भी सहमति बनी है। पीएम मोदी ने कहा कि किसी चुनौती की समय पर पहचान, उसके लिए तैयारी और तुरंत कार्रवाई जरूरी है। इसके अलावा डिजास्टर मैनेजमेंट के लिए अर्ली वॉर्निंग डेटा इंटीग्रेशन गाइडलाइंस तैयार की गई हैं। पीएम मोदी ने कहा कि महामारी, जलवायु आपदा और सप्लाई चेन में रुकावटों ने दिखाया है कि आज की आपस में जुड़ी दुनिया में कोई भी संकट सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान इन पहलों के जरिए रेजिलिएंस, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
पीएम मोदी का बड़ा संदेश: टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल्स को हथियार बनाना साझा तरक्की में रोड़ा
ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर बड़ा संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि टेक्नोलॉजी और जरूरी मिनरल्स का हथियार की तरह इस्तेमाल ब्रिक्स देशों क
NRI Post Hindi Desk · 72 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





