|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

पाकिस्तान में किफायती मोडः शादियों में सिर्फ एक डिश, बाजार और मॉल रात 9 बजे तक बंद

पाकिस्तान ने ईंधन संकट और खस्ताहाल अर्थव्यवस्था से निपटने के लिए कई सख्त फैसले लागू किए हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अब सभी दुकानें, बाजार, किराना स्टोर, ग्रोसरी और जनरल स्टोर तथा शॉपिंग म

NRI Post Hindi Desk · 68 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
पाकिस्तान में किफायती मोडः शादियों में सिर्फ एक डिश, बाजार और मॉल रात 9 बजे तक बंद
📷 NRI Post Hindi Desk

पाकिस्तान ने ईंधन संकट और खस्ताहाल अर्थव्यवस्था से निपटने के लिए कई सख्त फैसले लागू किए हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अब सभी दुकानें, बाजार, किराना स्टोर, ग्रोसरी और जनरल स्टोर तथा शॉपिंग मॉल पूरे हफ्ते रात 9 बजे तक बंद हो जाएंगे, जबकि शादी हॉल और मैरिज टेंट को रात 10 बजे तक तथा रेस्टोरेंट और खाने-पीने की जगहों को रात 11 बजे तक बंद करना होगा। टेकअवे और होम-डिलीवरी सेवाओं को इन पाबंदियों से छूट दी गई है। इतना ही नहीं, शादी समारोहों में अब सिर्फ एक ही डिश परोसी जा सकेगी और सरकारी डिनर पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है, हालांकि विदेशी प्रतिनिधिमंडलों से जुड़े कार्यक्रमों में इसमें छूट रहेगी। पाकिस्तान सरकार के कैबिनेट डिवीजन ने गुरुवार को इस बारे में अधिसूचना जारी की और ये उपाय तुरंत लागू हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक, ईंधन की खपत में कटौती और संघीय अधिकारियों के विदेश यात्रा पर प्रतिबंध समेत कुछ पाबंदियां कम से कम तीन महीने तक लागू रहेंगी। पाकिस्तान ने सरकारी गाड़ियां खरीदने पर पूरी तरह रोक लगा दी है और सरकारी गाड़ियों के लिए ईंधन आवंटन में 50 प्रतिशत की कटौती की है। सरकार ने कहा है कि चालू वित्त वर्ष के दौरान कर्मचारियों से जुड़े खर्चों को छोड़कर अन्य खर्चों में हर महीने 5 प्रतिशत की कटौती की जाएगी और यह नियम पाकिस्तान के विदेशी मिशनों तथा विदेशों में तैनात अधिकारियों पर भी लागू होगा, जबकि विकास परियोजनाओं को कटौती के दायरे से बाहर रखा गया है। खर्चा बचाने के लिए पाकिस्तान ने संघीय सरकार के कर्मचारियों की विदेश यात्रा पर तीन महीने की पूरी रोक लगा दी है, जिसमें अनिवार्य दौरे भी शामिल हैं। जिन मामलों में विदेश यात्रा जरूरी है, वहां मंत्रियों, सलाहकारों, राज्य मंत्रियों, प्रधानमंत्री के विशेष सहायकों, सांसदों और सरकारी अधिकारियों को इकोनॉमी क्लास में यात्रा करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी विभागों से कहा गया है कि वे शहर के भीतर होने वाली बैठकों को छोड़कर ज्यादातर बैठकें टेलीकॉन्फ्रेंस के जरिए करें, और सरकारी फंड से होने वाले सेमिनार, प्रशिक्षण सत्र तथा सम्मेलनों पर भी रोक लगा दी गई है। अगर ऐसे कार्यक्रम करना जरूरी हो, तो विभागों को बाहरी जगहों पर पैसे खर्च करने के बजाय सरकारी सुविधाओं जैसे ऑडिटोरियम और कमेटी रूम का इस्तेमाल करने को कहा गया है। बता दें कि ईरान युद्ध, अर्थव्यवस्था की खस्ताहालत और कर्जों ने पाकिस्तान को बुरा हाल कर रखा है, जिसके चलते सरकार को ये किफायती फैसले लेने पड़े हैं। पाकिस्तान ने मार्च में अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद भी इसी तरह के खर्च में कटौती के उपाय लागू किए थे, जिनके तहत इस्लामाबाद ने दो हफ्ते के लिए स्कूल बंद कर दिए थे, सरकारी अधिकारियों के लिए ईंधन की खपत कम कर दी थी और ईंधन बचाने तथा सरकारी खर्च घटाने के मकसद से कार्यालय कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा था। अब पाकिस्तान एक बार फिर से ऐसे ही उपायों को अपना रहा है। किफायत के ये नए उपाय फिलहाल इस्लामाबाद तक ही सीमित हैं, लेकिन पाकिस्तान की संघीय सरकार ने राज्यों को भी कहा है कि वे इन उपायों को अपनाएं।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!