|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

पांच दिन काम को लेकर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, अब 28 सितंबर से तीन दिवसीय बंद की चेतावनी

सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार यानी 11 सितंबर को देशभर में बैंक कर्मचारियों ने एक दिवसीय हड़ताल की। इसका मध्यप्रदेश में भी व्यापक असर देखने को मिल

NRI Post Hindi Desk · 74 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
पांच दिन काम को लेकर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, अब 28 सितंबर से तीन दिवसीय बंद की चेतावनी
📷 NRI Post Hindi Desk

सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार यानी 11 सितंबर को देशभर में बैंक कर्मचारियों ने एक दिवसीय हड़ताल की। इसका मध्यप्रदेश में भी व्यापक असर देखने को मिला। बैंक कर्मचारी संगठन के मुताबिक, राज्य की करीब 7000 बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा और लगभग 42 हजार कर्मचारी व अधिकारी हड़ताल में शामिल हुए। इससे करीब 5500 करोड़ रुपये का रोजाना बैंकिंग कारोबार प्रभावित होने का दावा किया गया है। मध्य प्रदेश बैंक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहनकृष्ण शुक्ला के मुताबिक, राज्य में कुल 8,707 बैंक शाखाएं हैं, जिनमें से करीब 7000 शाखाओं के कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में शामिल हुए। हड़ताल में 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, विभिन्न क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंकों के कर्मचारी शामिल रहे। बैंक शाखाओं में कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते कई नियमित सेवाएं प्रभावित हुईं। हड़ताल का असर बैंक की शाखा आधारित सेवाओं पर पड़ा, जिनमें प्रमुख रूप से कैश जमा और निकासी, चेक क्लियरेंस, फिक्स्ड डिपॉजिट के नवीनीकरण, सरकारी खजाने से जुड़े काम और अन्य शाखा आधारित वित्तीय गतिविधियां शामिल हैं। देशभर में भी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में कैश, चेक क्लियरेंस और प्रशासनिक काम प्रभावित होने की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं हुईं और यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की जानकारी दी गई है। बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा पेंशन लाभों को अपडेट और बेहतर करना, सभी पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते की गणना की समान व्यवस्था, एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल होने का विकल्प और लंबित अन्य सेवा संबंधी मुद्दों का समाधान प्रमुख मांगों में शामिल हैं। संगठन का कहना है कि पांच दिन बैंकिंग को लेकर अभी तक कोई ठोस समयसीमा या सकारात्मक आश्वासन नहीं मिला है, जिसके बाद 11 सितंबर की हड़ताल जारी रखने का फैसला लिया गया। हड़ताल का असर सिर्फ मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं रहा। गाजियाबाद में बैंक कर्मचारी नवयुग मार्केट में जुटे और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। अमृतसर में भी सरकारी बैंकों का कामकाज प्रभावित रहा। हरिद्वार में बैंक कर्मचारियों ने बैंक बंद रखकर प्रदर्शन किया और मांगें नहीं माने जाने पर आगे भी आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। करनाल में कर्मचारियों ने पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कहा कि जरूरत पड़ने पर वे रोजाना अतिरिक्त समय काम करने के लिए तैयार हैं। 11 सितंबर की हड़ताल के बाद भी बैंक कर्मचारियों का आंदोलन खत्म होने के संकेत नहीं हैं। संगठन ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया है। मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है। ऐसे में अगर मांगों पर सहमति नहीं बनती है तो आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर दोबारा बड़ा असर पड़ सकता है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!