पंजाब के सरकारी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों की समान भागीदारी न होने के गंभीर आरोपों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव को चार सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। दरअसल, आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई थी कि सीमावर्ती, ग्रामीण, दूरदराज और कम सुविधाओं वाले इलाकों के स्कूलों में विद्यार्थियों को झंडारोहण, राष्ट्रगान और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी गतिविधियों में सार्थक रूप से शामिल नहीं किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इन क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर संसाधनों वाले शहरी स्कूलों की तुलना में अलग शैक्षिक और नागरिक अनुभव मिला, जो समानता के सिद्धांत का उल्लंघन है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी एक स्कूल में समारोह के आयोजन का तरीका अपने आप में मानवाधिकार उल्लंघन नहीं है, लेकिन यदि प्रशासनिक लापरवाही या भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बच्चों के किसी वर्ग को व्यवस्थित रूप से अवसरों से वंचित किया गया है तो यह गंभीर मामला है। एनएचआरसी ने संविधान के अनुच्छेद 14 में दिए गए समानता के अधिकार और अनुच्छेद 21-ए के तहत निश्शुल्क अनिवार्य शिक्षा के अधिकार का उल्लेख किया है। आयोग ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 29-2 का हवाला देते हुए कहा कि पाठ्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों और बच्चे के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखना आवश्यक है। आयोग ने मुख्य सचिव से यह भी पूछा है कि यदि भागीदारी में असमानता पाई गई तो उसके पीछे क्या कारण थे और उन्हें दूर करने के लिए क्या कदम उठाए गए। गौरतलब है कि आयोग ने इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सचिवों से भी जवाब मांगा है। आयोग ने निर्देश दिया है कि भविष्य में राष्ट्रीय दिवस के कार्यक्रम केवल औपचारिकता न रहकर बच्चों को देशभक्ति और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने वाले सार्थक आयोजन होने चाहिए।
पंजाब के सरकारी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस पर भेदभाव की शिकायत, NHRC ने मांगा जवाब
पंजाब के सरकारी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बच्चों की समान भागीदारी न होने के गंभीर आरोपों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव को चार सप्
NRI Post Hindi Desk · 97 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




