|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

पंजाब-चंडीगढ़ में बड़ा न्यायिक फेरबदल: 23 जजों का तबादला, सीबीआई-एनआईए कोर्ट को मिले नए जज

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने न्यायिक प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा फेरबदल करते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में कुल 23 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक कवायद

NRI Post Hindi Desk · 45 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
पंजाब-चंडीगढ़ में बड़ा न्यायिक फेरबदल: 23 जजों का तबादला, सीबीआई-एनआईए कोर्ट को मिले नए जज
📷 NRI Post Hindi Desk

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने न्यायिक प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ा फेरबदल करते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में कुल 23 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक कवायद के तहत कई जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बदला गया है, वहीं कुछ अधिकारियों को पदोन्नति देकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेशों के अनुसार लुधियाना में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश युक्ति गोयल को एसएएस नगर यानी मोहाली स्थित सीबीआई मामलों की विशेष अदालत में नियुक्त किया गया है, जहां वह डीके वाधवा का स्थान लेंगी। वहीं डीके वाधवा को मोहाली में ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी के मामलों की सुनवाई के लिए नवगठित विशेष अदालत की कमान सौंपी गई है। लुधियाना में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सारू मेहता कौशिक को पदोन्नत करके प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय लुधियाना बनाया गया है, जबकि इस पद पर कार्यरत रमन कुमार को अब अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में तैनात किया गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीशों के स्तर पर किए गए फेरबदल में कनवलजीत सिंह बाजवा को तरनतारन से चंडीगढ़, मनजिंदर सिंह को मानसा से बठिंडा, हरबंस सिंह लेखी को होशियारपुर से गुरदासपुर, हरिंदर सिद्धू को चंडीगढ़ से मानसा, हरजीत सिंह को पटियाला से बठिंडा तथा राजेश कुमार को बठिंडा से तरनतारन भेजा गया है। इनके अलावा करुणेश कुमार को बठिंडा से पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, एसएएस नगर का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि राजविंदर कौर को अमृतसर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा औद्योगिक अधिकरण के पीठासीन अधिकारी के पद पर पदनामित किया गया है। बलजिंदर सिंह द्वितीय को फाजिल्का और राकेश कुमार गुप्ता को कपूरथला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, तथा डॉक्टर अजीत अत्री को भारत के उच्चतम न्यायालय के महासचिव के पद पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में पदनामित किया गया है। विशेष और पारिवारिक न्यायालयों में भी व्यापक बदलाव करते हुए जगदीप कौर विर्क और प्रशांत वर्मा को एसएएस नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामलों की सुनवाई के लिए विशेष अदालतों में नियुक्त किया गया है। त्वरित न्याय व्यवस्था के तहत कुलभूषण कुमार को बठिंडा और हरगुरजीत कौर को मानसा में दुष्कर्म एवं पॉक्सो मामलों की फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों में तैनात किया गया है। पारिवारिक अदालतों के तहत डॉक्टर हरप्रीत कौर को पठानकोट में प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय और जसबीर कौर को इसी अदालत में अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी लगाया गया है, जबकि अमनप्रीत सिंह को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में नई तैनाती दी गई है। यह न्यायिक फेरबदल पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेशों के तहत किया गया है, जिसका उद्देश्य न्यायिक प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुचारू और प्रभावी बनाना तथा विशेष अदालतों में लंबित मामलों की सुनवाई को गति देना है।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!