चंडीगढ़। पंजाब ने सितंबर 2026 में कर राजस्व के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है। वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा के अनुसार सितंबर महीने में राज्य की शुद्ध जीएसटी प्राप्ति में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 22.11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सितंबर 2025 में शुद्ध जीएसटी प्राप्ति 1,973.12 करोड़ रुपये थी, जो सितंबर 2026 में बढ़कर 2,409.47 करोड़ रुपये हो गई। इस तरह राज्य को 436.35 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। मंत्री चीमा ने जानकारी दी कि सितंबर में एसजीएसटी का नकद संग्रह 738.05 करोड़ रुपये से बढ़कर 877.82 करोड़ रुपये हो गया, जिसमें 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह वृद्धि देश में सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि सितंबर में पंजाब के जीएसटी राजस्व में 16 प्रतिशत वृद्धि हुई, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह वृद्धि 14 प्रतिशत रही। इसी प्रकार एसजीएसटी नकद संग्रह में पंजाब की 19 प्रतिशत वृद्धि के मुकाबले राष्ट्रीय वृद्धि केवल आठ प्रतिशत रही, जो राज्य के बेहतर कर प्रबंधन को दर्शाती है। सितंबर तक पंजाब का कुल जीएसटी संग्रह 15,405.12 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 13,112.27 करोड़ रुपये था। इस तरह कुल जीएसटी संग्रह में 17.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। सितंबर महीने में वैट एवं सीएसटी से प्राप्त राजस्व भी 28.70 प्रतिशत बढ़ा और यह सितंबर 2025 के 577.11 करोड़ रुपये से बढ़कर 742.75 करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल से सितंबर की अवधि में वैट एवं सीएसटी संग्रह 4,558.48 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 3,982.43 करोड़ रुपये था। इसमें 576.05 करोड़ रुपये यानी 14.46 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कर चोरी के खिलाफ कार्रवाई के तहत सितंबर में करीब 142 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए। विभाग ने फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट, फर्जी बिलिंग और बिना दस्तावेज माल ढुलाई के मामलों पर कार्रवाई की। मंडी गोबिंदगढ़ की मैसर्स जगत मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड के मामले में 22.53 करोड़ रुपये के संदिग्ध इनपुट टैक्स क्रेडिट का पता चला और कार्रवाई के दौरान करदाता ने 9.50 करोड़ रुपये एसजीएसटी के रूप में जमा करवाए। सड़क जांच अभियान में 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के लौह स्क्रैप और लौह-इस्पात उत्पाद ले जा रहे 332 वाहन पकड़े गए, जिनमें अब तक 5.07 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में वसूले जा चुके हैं। विभाग के अनुसार करीब आधे मामलों में कार्रवाई अभी लंबित है।
पंजाब में जीएसटी संग्रह 22 प्रतिशत बढ़ा, एसजीएसटी नकद संग्रह में देशभर में सर्वाधिक वृद्धि
चंडीगढ़। पंजाब ने सितंबर 2026 में कर राजस्व के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है। वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा के अनुसार सितंबर महीने में राज्य की शुद्ध जीएसटी प्राप्ति में प
NRI Post Hindi Desk · 54 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




