पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने सत्र 2024-2028 के पांचवें सेमेस्टर के छात्रों की इंटर्नशिप को लेकर वर्ष 2025 में किए गए सभी पुराने समझौतों यानी एमओयू को रद कर दिया है। विश्वविद्यालय के डीन छात्र कल्याण ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की है, जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि अब इंटर्नशिप कार्यक्रम 2026-27 के लिए सभी कॉलेजों को नए सिरे से समझौता करना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने यह भी निर्देश दिया है कि सबसे पहले छात्रों को केवल उन्हीं संस्थाओं में इंटर्नशिप करानी है, जो विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर सूचीबद्ध हैं। यानी इन सूचीबद्ध संस्थाओं के साथ विश्वविद्यालय का कोई भी सीधा समझौता नहीं है, बल्कि संबंधित कॉलेजों के प्राचार्य और एनईपी कोआर्डिनेटर मिलकर उस संस्था के साथ नया समझौता करेंगे। समझौता करने के बाद कॉलेजों को इसकी सूचना विश्वविद्यालय को ई-मेल के जरिए देनी होगी। इस पूरी प्रक्रिया में विश्वविद्यालय नहीं बल्कि कॉलेजों को अपने स्तर से पांचवें सेमेस्टर के छात्रों को इंटर्नशिप कराने के लिए समन्वय करने को कहा गया है, जिससे कॉलेजों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। नोटिस में यह भी साफ किया गया है कि नियमित कक्षाओं में किसी भी तरह की बाधा न पहुंचे, इसलिए इंटर्नशिप को आगामी छुट्टियों के दौरान ही आयोजित किया जाए। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी कॉलेजों को पहले जारी किए गए दिशानिर्देशों का पालन करते हुए इंटर्नशिप की पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाना सुनिश्चित करना होगा। छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि लोकभवन बिहार के दिशा-निर्देशों के अनुसार इंटर्नशिप कराने वाली कोई भी संस्था किसी भी छात्र से किसी भी तरह का शुल्क नहीं ले सकती, यानी इंटर्नशिप के नाम पर वसूली नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों और एनईपी कोआर्डिनेटर्स से साफ कहा है कि वे इन सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करें। मालूम हो कि पांचवें सेमेस्टर में 60 घंटे की क्रेडिट अनिवार्य है, जिसपर छात्रों को चार क्रेडिट मिलेंगे। यह कदम विश्वविद्यालय द्वारा इंटर्नशिप व्यवस्था को पारदर्शी और छात्रहित में बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके और किसी भी प्रकार के आर्थिक शोषण से बचाव हो सके।
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने 2025 के सभी इंटर्नशिप समझौते रद्द किए, कॉलेजों को नए सिरे से करना होगा अनुबंध
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने सत्र 2024-2028 के पांचवें सेमेस्टर के छात्रों की इंटर्नशिप को लेकर वर्ष 2025 में किए गए सभी पुराने समझौतों यानी एमओयू को रद कर दिया है। विश्वविद्यालय के डीन छात्र कल्याण ने
NRI Post Hindi Desk · 49 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




