जयपुर के करधनी इलाके में अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों नंदिनी (23), राधिका (18) व गौरी (14) की पत्थर से वार कर हत्या करने के आरोपी राहुल झा को पुलिस ने रींगस से हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वह जयपुर से भागकर खाटूश्यामजी पहुंचा था, जहां दर्शन करने के बाद उसने एक होटल में ठहरना शुरू किया। होटल में रहने और अन्य खर्चों के लिए पैसे खत्म होने पर उसने अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की, लेकिन होटल संचालक ने अंगूठी लेने से इनकार कर दिया। यहां तक कि अंगूठी के बदले 500 रुपये देने से भी होटल वाले ने मना कर दिया, जिसके बाद राहुल होटल से निकल गया और रींगस पहुंचा। इसी दौरान उसके रींगस में होने की जानकारी सीएसटी को मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्याकांड के बाद उसके भागने से लेकर रींगस पहुंचने तक के घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में राहुल ने कर्ज में डूबे होने की बात कही है, हालांकि वह यह स्पष्ट नहीं कर पा रहा है कि आखिर किस वजह से उसने पत्नी और तीन बेटियों की हत्या जैसा कदम उठाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि कैसे हुआ मुझे नहीं पता। पुलिस अब उसके बयान और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर अंजाम दिया गया। स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश की निगरानी में टीम ने काम किया, जबकि डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण की मॉनिटरिंग में पुलिस को सफलता मिली। इस कार्रवाई में टीम वेस्ट का भी सहयोग रहा। बता दें कि वारदात गुरुवार देर रात से शुक्रवार तड़के के बीच हुई, जब चारों घर में सो रही थीं। आरोपी ने कथित तौर पर पत्थर से उनके सिर और चेहरे पर वार किए। गीता का शव पहली मंजिल के कमरे में, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो कमरों से मिले। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पत्थर बरामद किया है। हत्या के बाद राहुल ने सामान्य दिनचर्या निभाई। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसने दूध लिया, पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई और उन्हें पिलाने के बाद घर से फरार हो गया। करीब 10 बजे पुलिस को चार लोगों की हत्या की सूचना मिली। राहुल शेयर ट्रेडिंग करता था और कुछ दिन पहले गुजरात से लौटा था। घटना से तीन दिन पहले उसने पड़ोस की महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। फिलहाल, पुलिस हत्या की वजह की जांच कर रही है और जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा करने की बात कह रही है।
पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद खाटूश्याम गया आरोपी, रींगस से गिरफ्तार
जयपुर के करधनी इलाके में अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों नंदिनी (23), राधिका (18) व गौरी (14) की पत्थर से वार कर हत्या करने के आरोपी राहुल झा को पुलिस ने रींगस से हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुत
NRI Post Hindi Desk · 72 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



