|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
खेल

पिता का अधूरा ओलंपिक सपना पूरा करने निकले सुजीत ने एशियन गेम्स में जीता स्वर्ण, चरखी दादरी में खुशी की लहर

चरखी दादरी जिले के गांव इमलोटा निवासी भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपने पिता दयानंद कलकल के अधूरे ओलंपिक सपने को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा दिया है। सुजीत क

NRI Post Hindi Desk · 53 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
पिता का अधूरा ओलंपिक सपना पूरा करने निकले सुजीत ने एशियन गेम्स में जीता स्वर्ण, चरखी दादरी में खुशी की लहर
📷 NRI Post Hindi Desk

चरखी दादरी जिले के गांव इमलोटा निवासी भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपने पिता दयानंद कलकल के अधूरे ओलंपिक सपने को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा दिया है। सुजीत की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके पिता की तपस्या भी जुड़ी है, जिन्होंने खुद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में देश का प्रतिनिधित्व किया और विश्व चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया, लेकिन ओलंपिक में पदक जीतने का उनका सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद दयानंद कलकल ने वर्ष 2013 में अपने बेटे सुजीत को पहलवान बनाने का संकल्प लिया और घर पर ही कुश्ती का मैट बिछाकर उसे नियमित प्रशिक्षण देना शुरू किया। पिता और बेटे की यह जोड़ी बीते 13 सालों से घर पर ही मैट पर साथ पसीना बहाती आ रही है और ओलंपिक पदक के लक्ष्य को लेकर लगातार अभ्यास कर रही है। दयानंद न केवल सुजीत के पिता हैं, बल्कि शुरुआत से उनके कोच भी रहे हैं, जिन्होंने करीब आठ वर्षों तक सुबह से शाम तक अभ्यास, फिटनेस और तकनीक पर विशेष ध्यान देते हुए सुजीत को कुश्ती की बारीकियां सिखाईं और उसके बाद ही उसे प्रतियोगिताओं के मैदान में उतारा गया। शुरुआत से ही सुजीत ने अपनी तकनीक और फुर्ती से अलग पहचान बनाई और अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए सुजीत आधा दर्जन से अधिक खिताब जीत चुके हैं, जिनमें सीनियर वर्ल्ड रैकिंग में दो बार स्वर्ण, अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण, वर्ल्ड सीनियर रैकिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और सीनियर एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक शामिल हैं। उनकी लगातार सफलता ने उन्हें यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग रैंकिंग में 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल श्रेणी में दुनिया के नंबर एक पहलवान का दर्जा दिलाया है। एशियन गेम्स के फाइनल मुकाबले में सुजीत 2-9 से पिछड़ने के बाद भी जबरदस्त वापसी करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जिसे देखकर परिवार के अन्य सदस्य तो नर्वस हो गए थे, लेकिन पिता को बेटे की जीत का पूरा भरोसा था। पिता दयानंद के अनुसार सुजीत पहले हाफ में डिफेंस करते हैं और दूसरे हाफ में अटैक करते हैं, और यही शैली उन्हें पिछड़ने के बावजूद वापसी करवाती है। मैट पर सुजीत की फुर्ती और तकनीक उनकी सबसे बड़ी ताकत है, और गर्दन दबाकर तेजी से पीछे जाना, डबल लेग, फीतले बांधना और भारंदाज उनके पसंदीदा दांव हैं। वह मुकाबले के दौरान प्रतिद्वंद्वी की कमजोरी को भांपकर तेजी से हमला करने के लिए जाने जाते हैं। पिता ने प्रशिक्षण के दौरान इन तकनीकों को और धार देकर उन्हें जापान भेजा, जहां उन्होंने बड़ी चुनौती माने जा रहे जापानी और ईरानी पहलवानों को धूल चटाकर शान से तिरंगा लहराया। दयानंद कलकल ने बताया कि शुरू से उनका फोकस रहा है कि जो मजबूत कड़ी है उसे और अधिक मजबूत किया जाए तथा कमजोर कड़ी में सुधार करने का प्रयास किया जाए, और उसका परिणाम उन्हें मिला है। बेटे ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देशवासियों को गौरवान्वित महसूस कराया है, और उनकी इस लय को देखते हुए यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा कि सुजीत कलकल अपने पिता के अधूरे ओलंपिक सपने को जल्द पूरा करेंगे।

🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!