|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
खेल

पिता से सीखा ताइक्वांडो, अब 500 से अधिक बेटियों को बना रहीं आत्मनिर्भर

बरेली की इज्जतनगर निवासी साक्षी बोरा ताइक्वांडो के जरिए बेटियों को आत्मरक्षा का हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बना रही हैं। रेलवे कालोनी निवासी साक्षी के पिता हरीश सिंह बोरा रेलवे में टेक्नीशियन होने के साथ त

NRI Post Hindi Desk · 44 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
पिता से सीखा ताइक्वांडो, अब 500 से अधिक बेटियों को बना रहीं आत्मनिर्भर
📷 NRI Post Hindi Desk

बरेली की इज्जतनगर निवासी साक्षी बोरा ताइक्वांडो के जरिए बेटियों को आत्मरक्षा का हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बना रही हैं। रेलवे कालोनी निवासी साक्षी के पिता हरीश सिंह बोरा रेलवे में टेक्नीशियन होने के साथ ताइक्वांडो कोच भी थे। वर्ष 1998 में जन्मीं साक्षी को बचपन से ही खेलों में रुचि थी और वर्ष 2004 से उन्होंने अपने पिता के मार्गदर्शन में ताइक्वांडो सीखना शुरू किया। वर्ष 2019 में पिता के निधन ने साक्षी के जीवन की दिशा बदल दी। परिवार को आर्थिक मजबूती देने के लिए उन्होंने ताइक्वांडो और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना शुरू किया। शुरुआत में उनके पास केवल 10 से 12 विद्यार्थी आते थे, लेकिन मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण की गुणवत्ता ने धीरे-धीरे उनकी पहचान बना दी। आज वह करीब 100 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे रही हैं और पिछले सात वर्षों में 500 से अधिक बच्चों को प्रशिक्षित कर चुकी हैं। साक्षी की उपलब्धि सिर्फ विद्यार्थियों की संख्या तक सीमित नहीं है, क्योंकि उनके प्रशिक्षण से तैयार हुए तीन बच्चे, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं, राष्ट्रीय स्तर पर रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी और राष्ट्रीय स्तर की रेफरी साक्षी वर्ष 2024 में तीन महीने दक्षिण कोरिया में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं और उन्हें बेस्ट नेशनल रेफरी का पुरस्कार भी मिल चुका है। साक्षी आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निश्शुल्क प्रशिक्षण देती हैं और उन्होंने दिशा इंटर कालेज में विशेष बच्चियों को भी ताइक्वांडो सिखाया है। इसके अलावा पुलिस के सहयोग से महिला दिवस पर पुलिसकर्मियों को आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण देती हैं। उनका प्रयास है कि कोई भी लड़की केवल संसाधनों की कमी के कारण अपनी सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की राह में पीछे न रह जाए। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूप शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का संदेश देते हैं और इसी शक्ति का एक रूप इज्जतनगर की साक्षी बोरा हैं, जो ताइक्वांडो के जरिए बेटियों को आत्मरक्षा का हुनर सिखा रही हैं। उनके लिए ताइक्वांडो सिर्फ खेल नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का माध्यम है। पिता से सीखी कला को उन्होंने अपनी पहचान बनाया और अब इसी के सहारे सैकड़ों बच्चों को अपनी सुरक्षा के लिए सक्षम बना रही हैं।

🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!