प्यार के आगे हर बाधा छोटी हो जाती है, यह साबित कर दिया है फिलीपींस के एक जोड़े ने। बुलाकान प्रांत के हागोनॉय कस्बे में मंगलवार को एक ऐतिहासिक और अनोखी शादी हुई, जहां चर्च के अंदर कमर तक बाढ़ का पानी भरा हुआ था। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सेंट जॉन द बैपटिस्ट चर्च पूरी तरह से जलमग्न था। चर्च प्रशासन ने इस हालात को देखते हुए जोड़े को शादी टालने की सलाह दी थी, लेकिन दूल्हा-दुल्हन ने अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही शादी करने का फैसला किया। इस दौरान दुल्हन लियान लीजा गलांग अपने सफेद ऑफ-शोल्डर गाउन और सफेद फूलों के गुलदस्ते के साथ गंदे पानी में चलकर चर्च के अंदर पहुंचीं और गिल्बर्ट चिको के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। दोनों की उम्र तीस वर्ष से अधिक बताई जा रही है। दूल्हे गिल्बर्ट चिको ने कहा कि उन्हें इस बात की बिल्कुल परवाह नहीं थी कि उनके शादी के कपड़े भीग गए हैं, क्योंकि वे सिर्फ एक-दूसरे को पाना चाहते थे। पादरी ने देर सुबह एक संक्षिप्त समारोह में दोनों को विधिवत पति-पत्नी घोषित किया। शादी के फोटोग्राफर मिक्को रे अल्फोंसो ने बताया कि बाढ़ के कारण चर्च करीब एक महीने से आंशिक रूप से जलमग्न था और प्रशासन ने समारोह स्थगित करने की सलाह दी थी। हालांकि, जोड़े की इच्छा को देखते हुए वहां मौजूद लोगों ने इस दिन को उनके लिए खास बनाने की पूरी कोशिश की। दुल्हन को पानी में चलने में परेशानी न हो, इसके लिए उनके गाउन के पीछे के लंबे हिस्से (ट्रेल) को छोटा करवाया गया। दूल्हा-दुल्हन चर्च तक एक ऊंचे चेसिस वाले रिक्शे से पहुंचे, जिससे उनके कपड़े काफी हद तक सुरक्षित रहे और वे आसानी से चर्च के अंदर प्रवेश कर सके। इस समारोह में 15 से भी कम लोग शामिल हुए। गिल्बर्ट चिको मिडिल ईस्ट में काम करते हैं और उनकी शादी मूल रूप से दिसंबर में होनी थी। बास्केटबॉल खेलते समय पैर में चोट लगने के कारण उन्हें समय से पहले छुट्टी पर घर लौटना पड़ा। इसी दौरान दोनों ने शादी करने का अंतिम निर्णय लिया। चर्च की ओर से जारी वीडियो में दुल्हन के माता-पिता उन्हें भावुक होकर गले लगाते नजर आए। चर्च की खाली सीटों को प्लास्टिक के फूलों से खूबसूरती से सजाया गया था। गौरतलब है कि फिलीपींस में अगस्त के दौरान सामान्य से अधिक तेज मानसूनी बारिश हुई, जिसका सबसे ज्यादा असर देश के उत्तरी हिस्से में पड़ा। इस भारी बारिश के कारण आए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की घटनाओं में कम से कम 34 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन इस जोड़े के प्यार ने सभी मुश्किलों के बीच उम्मीद और साहस की एक नई मिसाल पेश की है।
प्यार की जीत: बाढ़ में डूबे चर्च में घुटनों तक पानी में दूल्हा-दुल्हन ने लिए सात फेरे, देखिए तस्वीरें
प्यार के आगे हर बाधा छोटी हो जाती है, यह साबित कर दिया है फिलीपींस के एक जोड़े ने। बुलाकान प्रांत के हागोनॉय कस्बे में मंगलवार को एक ऐतिहासिक और अनोखी शादी हुई, जहां चर्च के अंदर कमर तक बाढ़ का पानी भ
NRI Post Hindi Desk · 81 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





