|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

पलवल में खनन माफियाओं की दबंगई: राजमार्ग पर तीन डंपर रेत उड़ेलकर फरार, धूल के गुबार से सांस लेना मुहाल

पलवल जिले में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हो चुके हैं। शनिवार सुबह करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच बेखौफ खनन माफियाओं ने माइनिंग अधिकारियों की नाक के नीचे दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुलेआम रेत स

NRI Post Hindi Desk · 24 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
पलवल में खनन माफियाओं की दबंगई: राजमार्ग पर तीन डंपर रेत उड़ेलकर फरार, धूल के गुबार से सांस लेना मुहाल
📷 NRI Post Hindi Desk

पलवल जिले में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हो चुके हैं। शनिवार सुबह करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच बेखौफ खनन माफियाओं ने माइनिंग अधिकारियों की नाक के नीचे दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुलेआम रेत से भरे तीन डंपर खाली कर दिए और फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, माफियाओं ने अलीगढ़ मोड़ से लेकर रसूलपुर चौक और सर्विस रोड तक बालू रेत राजमार्ग पर ही उड़ेल दी और रसूलपुर गांव की ओर भाग निकले। इस दौरान भागने की फिराक में चालकों ने रसूलपुर रोड पर गुजर रहे चार-पांच वाहनों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे यातायात बाधित हुआ और वाहनों को नुकसान पहुंचा। इस घटना से राजमार्ग पर भारी जाम की स्थिति बन गई। वहीं राजमार्ग पर बने एलिवेटेड पुल पर मरम्मत का कार्य चल रहा है, जिसके चलते पुल के नीचे दिनभर जाम बना रहता है। सड़क पर फैली बालू रेत और वाहनों की आवाजाही से उठने वाले धूल के गुबार ने चालकों का सांस लेना मुहाल कर दिया। रेंग-रेंगकर चल रहे वाहन चालकों के मुंह और आंखों में धूल के कण जा रहे थे, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर दूसरे दिन तड़के तीन से चार बजे के बीच मीनार गेट चौक से तीन से चार डंपर धड़ल्ले से गुरुग्राम की ओर निकलते हैं, जो सीधे सिटी थाने के ठीक सामने से होकर गुजरते हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है। माफियाओं की मनमानी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज तीन दिन पहले भी किठवाड़ी आरओबी पर खनन विभाग के पीछा करने पर बालू माफिया दो ट्रैक्टर-ट्राली रेत सड़क पर खाली कर फरार हो गए थे। रात तीन बजे लगे इस ढेर से लंबा जाम लग गया था, जिसे बाद में अलीगढ़ पुल चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंचकर हटवाया था। हालांकि, सड़क पर बची-खुची रेत शुक्रवार को हुई वर्षा के बाद दलदल में तब्दील हो गई है, जिसमें आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। गनीमत यह रही कि अभी तक कोई बड़ा या गंभीर हादसा नहीं हुआ है, लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? मिशन प्रकृति बचाओ पर्यावरण सचेतक सेवा ट्रस्ट के ग्रीन एंबेसडर आचार्य राम कुमार बघेल, देवेंद्र सिंह बघेल, राजकुमार और हरित कुमार ने बताया कि पुल पर बालू के कारण लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया है। वर्षा में सड़क दलदल बन गई है और सूखी बालू धूल का गुबार उड़ा रही है, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनदेखी से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए माइनिंग अधिकारी सुरेंद्र सोलंकी ने बताया कि तीनों डंपरों के नंबर एचआर 38एकके 8523, एचआर 73बी 3913 तथा एचआर 38एएच 8523 नोट कर लिए गए हैं और उनके आधार पर आरोपितों के खिलाफ इंफोर्समेंट ब्यूरो में शिकायत दी गई है। इस बारे में इंफोर्समेंट ब्यूरो के प्रभारी नवीन मौर ने बताया कि शाम तक मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासनिक नाक के नीचे से रोजाना ये वाहन गुजरते हैं, तो पुलिस और माइनिंग विभाग पहले से सख्त कार्रवाई क्यों नहीं करता? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही इन माफियाओं पर शिकंजा कसेगा? यमुना किनारे बसे गांवों में बड़ी तादाद में बालू रेत का अवैध खनन हो रहा है और बेखौफ डंपर व ट्रैक्टर-ट्रालियां अलीगढ़ आरओबी और रसूलपुर आरओबी से गुजरकर राजमार्ग से होते हुए सोहना, गुरुग्राम तथा पलवल शहर में आती हैं।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!