एक नए वैज्ञानिक अध्ययन ने चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, जिसमें लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, मध्य और पूर्वी हिमालय की तुलना में कहीं अधिक तेजी से गर्म हो रहा है। यह अध्ययन बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी मेसरा, भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान पुणे और अशोका यूनिवर्सिटी के विज्ञानियों ने संयुक्त रूप से किया है, जिसके निष्कर्ष 'जर्नल ऑफ अर्थ सिस्टम साइंस' में प्रकाशित हुए हैं। शोधकर्ताओं ने 1901 से 2020 तक के 120 वर्षों के वास्तविक तापमान आंकड़ों का विश्लेषण कर आठ वैश्विक जलवायु मॉडलों के आधार पर वर्ष 2100 तक के संभावित परिदृश्यों का आकलन किया है। सबसे गंभीर रुझान यह सामने आया है कि पश्चिमी और मध्य हिमालय में सर्दियों और बसंत के मौसम में रात का तापमान दिन के तापमान की तुलना में ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बर्फ को जमने का समय नहीं मिल पाता और पिघलने की दर कई गुना बढ़ जाती है। अध्ययन की मानें तो यदि कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी नहीं की गई, तो वर्ष 2081-2100 के बीच पश्चिमी हिमालय में सर्दियों का तापमान 7.18 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और बसंत में मौसमी बर्फ का नुकसान 95.9 किग्रा प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच जाएगा, जिससे कई इलाकों से बर्फ लगभग गायब हो जाएगी। पूर्वी हिमालय में तापमान वृद्धि कम है, लेकिन वहां ग्लेशियल लेक बर्स्ट फ्लड यानी ग्लोफ का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, जो आने वाले दशकों में पश्चिमी हिमालय तक फैल सकता है। विज्ञानियों ने क्षेत्र-विशेष के अनुकूल जलवायु नीतियां बनाने, जमीनी स्तर पर निगरानी तंत्र मजबूत करने और अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित करने की सिफारिश की है। सिंधु, गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी नदियों के जलस्रोत इन्हीं ग्लेशियरों पर निर्भर हैं, जिनसे करीब 1.5 अरब लोगों की जिंदगी जुड़ी हुई है। यदि समय रहते सटीक कदम नहीं उठाए गए, तो बर्फ पिघलने से नदियों के प्राकृतिक जलचक्र में बड़ा बदलाव आएगा और अरबों लोगों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
पश्चिमी हिमालय का बढ़ता तापमान बना संकट, सदी के अंत तक बर्फ की कमी से टूटेगा जनजीवन
एक नए वैज्ञानिक अध्ययन ने चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, जिसमें लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, मध्य और पूर्वी हिमालय की तुलना में कहीं अधिक तेजी से
NRI Post Hindi Desk · 97 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





