पाकिस्तान में दो विदेशी महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोते मोहम्मद रजा डार को लाहौर पुलिस ने यौन उत्पीड़न के आरोपों से क्लीन चिट दे दी है। लाहौर पुलिस ने मंगलवार को अदालत में दाखिल अपनी जांच रिपोर्ट में कहा है कि रजा डार समेत पांच लोगों के खिलाफ रेप के कोई सबूत नहीं मिले हैं। यह मामला इसी साल 29 जून को सामने आया था, जब आरोप लगा था कि नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो युवतियों को लाहौर में अगवा कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस मामले में आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया था और जांच के दौरान इशाक डार के पोते मुहम्मद रजा डार को मुख्य आरोपी के तौर पर चिह्नित किया गया था, जिसके बाद मामला काफी हाई-प्रोफाइल हो गया था। पुलिस की असली करतूत अब सामने आ रही है। पुलिस ने डिप्टी पीएम इशाक डार के पोते और उसके चार दोस्तों को तो रेप के आरोप से क्लीन चिट दे दी है, लेकिन रजा डार के तीन मामूली नौकरों को यौन उत्पीड़न का आरोपी बनाया गया है। हालांकि पुलिस ने इन पांचों को गैरकानूनी तरीके से बंधक बनाने और जबरन वसूली जैसे छोटे अपराधों में दोषी पाया है। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक दोनों महिलाओं ने अपने बयान में बताया कि उनकी मुलाकात अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी और महिलाओं ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में निवेश का प्रस्ताव दिया था। शुरुआती निवेश पर मुनाफा मिलने के बाद रजा डार ने इस कारोबार में 5 लाख डॉलर से ज्यादा का निवेश किया, लेकिन इस बार महिलाओं ने उन्हें कोई मुनाफा नहीं दिया। इसके बाद जून के आखिर में रजा डार ने दोनों महिलाओं को पाकिस्तान बुलाया और उन्हें एक अन्य निवेशक से मुलाकात का भरोसा दिया गया था। दोनों महिलाएं पहले इस्लामाबाद के एक होटल में रुकीं और फिर मुरी हिल स्टेशन भी गईं। बाद में उन्हें लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में एक मकान में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उन्हें बंधक बनाकर पैसे देने का दबाव बनाया गया। पुलिस का दावा है कि महिलाओं से जबरन 19,500 डॉलर ट्रांसफर कराए गए और पुलिस ने महिलाओं से कथित तौर पर वसूले गए 43 लाख पाकिस्तानी रुपये, एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। हथियार भी मिले हैं, जिनके आधार पर आर्म्स ऑर्डिनेंस के तहत अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इस मामले का सबसे अहम पहलू यह है कि दोनों विदेशी महिलाओं की मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हुई थी और उन्होंने पाकिस्तान छोड़ने से पहले पुलिस के सामने अपने बयान भी दर्ज कराए थे। हालांकि पुलिस की जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि रजा डार समेत पांच लोगों के खिलाफ रेप का कोई सबूत नहीं मिला और पुलिस ने यौन उत्पीड़न के लिए तीन अन्य आरोपियों को जिम्मेदार ठहराया है। इस तरह मामले में पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के निष्कर्षों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने अपनी रिपोर्ट अदालत में दाखिल की है और अंतिम फैसला ट्रायल कोर्ट को करना है।
पाकिस्तान में गैंगरेप केस में डिप्टी पीएम के पोते को क्लीन चिट, तीन मामूली नौकरों को फंसाया
पाकिस्तान में दो विदेशी महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोते मोहम्मद रजा डार को लाहौर पुलिस ने यौन उत्पीड़न के आरोपों स
NRI Post Hindi Desk · 21 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


