फ्रिज का इस्तेमाल हर घर में दिनभर किया जाता है। फल-सब्जियां रखने से लेकर दूध को स्टोर करने तक के लिए फ्रिज काम आता है। ऐसे में ये नॉनस्टॉप चलकर घर के कई काम आसान बनाता है। लेकिन कई बार इसमें बहुत सी समस्याएं देखने को मिलती हैं। इनमें फ्रिज में पानी जमा होना भी एक आम समस्या है। गर्मियों में ही नहीं, बल्कि कई बार मौसम बदलने के बाद भी फ्रिज की सब्जियों वाली ट्रे के नीचे पानी जमा होने लगता है। शुरुआत में लोग इसे छोटी परेशानी समझकर पानी साफ कर देते हैं। लेकिन कुछ घंटों या अगले ही दिन फिर वही पानी नजर आने लगता है, जो बिल्कुल भी सामान्य नहीं होता है। कई लोग परेशान होकर सीधा मैकेनिक को फोन घुमा देते हैं, लेकिन ऐसा करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं होती है। हर बार इसके लिए तुरंत मैकेनिक बुलाने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ चीजें आप घर पर ही आसानी से चेक कर सकते हैं। इससे आपको ये समझने में मदद मिलेगी कि समस्या छोटी है या मैकेनिक को बुलाने की जरूरत है या नहीं। साथ ही कई बार आप खुद ही इसे ठीक भी कर सकते हैं। सबसे पहले फ्रिज का ड्रेन होल चेक करें। अगर फ्रिज की सब्जी के ट्रे के अंदर बार-बार पानी जमा हो रहा है, तो परेशान होने के बजाय उसका ड्रेन होल चेक करें। फ्रिज के अंदर पीछे की तरफ एक छोटा सा ड्रेन होल होता है, जिससे डीफ्रॉस्ट के दौरान बना पानी बाहर निकलता है। इसमें गंदगी, खाने के कण या बर्फ फंसने पर ये ब्लॉक हो जाता है, जिसकी वजह से पानी बाहर नहीं निकल पाता और सब्जियों की ट्रे के नीचे जमा होने लगता है। ड्रेन होल गंदा दिखे तो फ्रिज बंद करके हल्के गुनगुने पानी से इसे साफ कर सकते हैं। बर्फ को चाकू से खुरचने की गलती बिल्कुल न करें। इसके बाद दरवाजे की रबर सील जरूर देखें। फ्रिज के दरवाजे की रबर सील भी चेक करनी चाहिए। अगर दरवाजे की रबर सील ढीली, फटी या गंदी हो रही है, तो मुमकिन है कि पानी जमा होने लगे। इसकी वजह से फ्रिज ठीक से सील नहीं हो पाता। इससे बाहर की गर्म हवा और नमी अंदर पहुंचती है, जिससे पानी की बूंदें बन सकती हैं। रबर को साफ करें और कागज से परीक्षण करें। अगर कागज आसानी से बाहर निकल जाए, तो सील कमजोर हो सकती है। पानी जमा होने की एक वजह फ्रिज का तापमान बहुत कम होना भी हो सकता है। बहुत कम तापमान पर फ्रिज के कुछ हिस्सों में बर्फ जम सकती है, जो पिघलने के बाद पानी जमा कर सकती है। आमतौर पर फ्रिज का तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस रखा जाता है। अपने मॉडल के हिसाब से सही सेटिंग के लिए मैनुअल जरूर देखें। इसके अलावा बहुत से लोग गर्म खाने को सीधा फ्रिज में रख देते हैं, जो उसके अंदर नमी बढ़ने का कारण बनती है। गर्म खाने से निकलने वाली भाप फ्रिज के अंदर जाकर नमी बढ़ा सकती है। इससे पानी की बूंदें बनने लगती हैं। इसलिए खाने को सामान्य तापमान पर थोड़ा ठंडा करके ढककर फ्रिज में रखें। फ्रिज को जरूरत से ज्यादा न भरें, क्योंकि बहुत सारा सामान भरने से भी ठंडी हवा सही तरीके से सर्कुलेट नहीं हो पाती। इससे कुछ हिस्सों में ज्यादा नमी जमा हो सकती है। हवा के वेंट को सामान से न ढकें और पीछे की तरफ थोड़ी जगह रखें। अगर फ्रिज में वॉटर डिस्पेंसर या आइस मेकर है, तो उसकी पाइप और कनेक्शन में लीकेज भी देख लें। पाइप से पानी रिसने पर सिर्फ ड्रेन होल साफ करने से समस्या दूर नहीं होगी। लीकेज दिखे तो मैकेनिक की मदद लें। अगर ड्रेन होल, रबर सील, तापमान और हवा के सर्कुलेशन को चेक करने के बाद भी पानी बार-बार जमा हो रहा है, तो ड्रेनेज, डीफ्रॉस्ट सिस्टम या पानी की पाइपलाइन में खराबी हो सकती है। ऐसी कंडीशन में मैकेनिक को दिखाना बेहतर है। इस तरह घर पर ही कुछ आसान जांच करके आप फ्रिज में पानी जमा होने की समस्या को काफी हद तक ठीक कर सकते हैं और बेवजह मैकेनिक को बुलाने से बच सकते हैं।
फ्रिज की सब्जी वाली ट्रे के नीचे बार-बार जमा हो रहा पानी? घर पर ही ऐसे करें ठीक, मैकेनिक की नहीं पड़ेगी जरूरत
फ्रिज का इस्तेमाल हर घर में दिनभर किया जाता है। फल-सब्जियां रखने से लेकर दूध को स्टोर करने तक के लिए फ्रिज काम आता है। ऐसे में ये नॉनस्टॉप चलकर घर के कई काम आसान बनाता है। लेकिन कई बार इसमें बहुत सी स
NRI Post Hindi Desk · 69 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

