|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

फॉर्म 6 से अतिरिक्त घोषणा पत्र हटाया गया, चुनाव आयोग का बड़ा फैसला

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया पर चल रहे विवाद के बीच चुनाव आयोग ने बुधवार को एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब फॉर्म 6 के साथ अतिरिक्त घोषणा पत्र या अनुबंध-डी जरूरी नहीं होगा। चुनाव

NRI Post Hindi Desk · 55 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
फॉर्म 6 से अतिरिक्त घोषणा पत्र हटाया गया, चुनाव आयोग का बड़ा फैसला
📷 NRI Post Hindi Desk

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया पर चल रहे विवाद के बीच चुनाव आयोग ने बुधवार को एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब फॉर्म 6 के साथ अतिरिक्त घोषणा पत्र या अनुबंध-डी जरूरी नहीं होगा। चुनाव आयोग ने उन राज्यों में ऑनलाइन फॉर्म 6 से इस अतिरिक्त घोषणा पत्र को हटाकर पुराना स्वरूप बहाल कर दिया है, जहां एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यह कदम आयोग के भीतर उठे आंतरिक मतभेद और विवाद के बाद उठाया गया है। निर्वाचन आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका था कि उसने वैधानिक फॉर्म 6 के मूल प्रारूप में कोई कानूनी बदलाव नहीं किया था। हालांकि, विवाद तब शुरू हुआ जब आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान इसके साथ एक अतिरिक्त घोषणा पत्र अनिवार्य रूप से जोड़ दिया था। अब पुराने यानी मूल फॉर्म 6 को बिना किसी अतिरिक्त घोषणा पत्र के ऑनलाइन या ऑफलाइन भरा जा सकेगा। इससे उन नए मतदाताओं को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें पहली बार मतदाता बनते समय पुराने पारिवारिक चुनावी रिकॉर्ड जुटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एसआईआर की शुरुआती व्यवस्था के तौर पर जारी फॉर्म 6 में माता-पिता या दादा-दादी की जानकारी देना अनिवार्य था, लेकिन मूल फॉर्म में नए आवेदकों को अपने परिवार के पुराने चुनावी रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होती। एसआईआर के दौरान आवेदकों को यह घोषणा करनी पड़ती थी कि वर्ष 2000 के शुरुआती दौर में हुए पिछले एसआईआर के दौरान उनके, उनके माता-पिता या दादा-दादी के नाम मतदाता सूची में दर्ज थे या नहीं। साथ ही चुनाव क्षेत्र और बूथ संख्या भी अनिवार्य कॉलम था, जिसमें पूर्व विधानसभा क्षेत्र का नंबर, मतदान केंद्र संख्या या पुराना क्रम संख्या देना जरूरी था। ऑनलाइन फॉर्म भरते समय आवेदक को पिछली एसआईआर सूची के मुताबिक अपने परिवार का विधानसभा क्षेत्र नंबर, पोलिंग बूथ नंबर और सीरियल नंबर देना पड़ रहा था। ईसीआईनेट पोर्टल पर आवेदक सामान्य व्यक्तिगत जानकारी और आयु या निवास प्रमाण पत्र अपलोड करके फॉर्म सीधे सबमिट कर सकते हैं। हालांकि यह तकनीकी रूप से स्वैच्छिक कहा गया था, लेकिन ईसीआईनेट पोर्टल पर इसे भरे बिना फॉर्म आगे सबमिट नहीं हो पा रहा था। इससे पहली बार वोट बनने वाले 18 वर्ष के युवाओं और उन मतदाताओं को भारी दिक्कत हो रही थी, जिनके नाम पहले कट चुके थे। चुनाव आयोग के मुताबिक, घुसपैठ को रोकने और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए एसआईआर प्रक्रिया के तहत यह अतिरिक्त घोषणा पत्र जोड़ा गया था। हालांकि, आयोग के भीतर ही दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने इस पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत वैधानिक फॉर्म 6 में बदलाव करने का अधिकार केवल केंद्र सरकार के पास है और चुनाव आयोग इसे मनमाने ढंग से ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य नहीं बना सकता। इस आंतरिक मतभेद और विवाद के बाद निर्वाचन आयोग ने सहमति जताते हुए इसे गैर-एसआईआर राज्यों में हटा दिया है और केवल उन्हीं राज्यों तक सीमित रखा है, जहां अभी भी विशेष गहन पुनरीक्षण चल रहा है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!