नई दिल्ली। मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 के गलत इस्तेमाल को लेकर चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाई है और इससे जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने यह कदम कर्नाटक सहित कई राज्यों में एक व्यक्ति की ओर से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटवाने और उन पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए दिए जा रहे फॉर्म-7 को लेकर खड़े हुए विवाद के बाद उठाया है। नए नियमों के मुताबिक अब विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े दावे और आपत्तियों के दौरान एक व्यक्ति इससे जुड़े सिर्फ दस आवेदन ही दे सकेगा, जबकि मतदाता सूची के सामान्य पुनरीक्षण के दौरान महीने भर में एक व्यक्ति सिर्फ पांच फॉर्म-7 ही दे सकेगा। मौजूदा व्यवस्था में इसकी कोई सीमा निर्धारित नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग थोक में आवेदन देकर मतदाता सूची को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी के नाम को हटवाने के लिए केवल फॉर्म-7 देने मात्र से नाम नहीं हटता है, बल्कि उसकी ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों की जांच के बाद ही निर्वाचन निबंधन अधिकारी इस पर अंतिम फैसला लेता है। आयोग के मुताबिक फॉर्म-7 को लेकर नियम पहले से ही निर्धारित हैं और इनका पालन सख्ती से किया जाएगा। ऐसे आवेदन मिलने पर निर्वाचन निबंधन अधिकारी सबसे पहले आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति को नोटिस जारी करेगा और उसके बयान को दर्ज करेगा। अगर किसी व्यक्ति ने एक से अधिक फॉर्म-7 भरे हैं तो प्रत्येक फॉर्म के लिए उसका बयान अलग-अलग दर्ज किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचन निबंधन अधिकारी यह जांचेगा कि आपत्ति जायज है या नहीं। इस पूरी प्रक्रिया में जिस व्यक्ति के नाम को लेकर आपत्ति की गई है, उसे भी अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया जाएगा। सभी पक्षों को सुनने और तथ्यों की जांच करने के बाद ही निर्वाचन निबंधन अधिकारी अंतिम निर्णय लेता है। चुनाव आयोग का यह फैसला मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आम नागरिकों का विश्वास चुनावी प्रक्रिया पर और मजबूत होगा।
फॉर्म-7 के दुरुपयोग पर लगाम, अब थोक में नहीं दे सकेंगे आवेदन, चुनाव आयोग ने तय की सीमा
नई दिल्ली। मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 के गलत इस्तेमाल को लेकर चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाई है और इससे जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
NRI Post Hindi Desk · 46 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





