हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की शाम हुई परमजीत धनखड़ की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में हत्या से पहले और बाद का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। आरोप है कि मोनू शर्मा ने पहले पार्किंग का बहाना बनाकर परमजीत को उनके फ्लैट से नीचे बुलाया और फिर उनके बेटे के सामने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। यह घटना सेक्टर 21-सी की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी और परमजीत के बीच बातचीत से लेकर फायरिंग और आरोपी के मौके से भागने तक का घटनाक्रम कैद है। पहले वीडियो में आरोपी मोनू शर्मा, परमजीत को आवाज लगाकर नीचे बुलाता दिखाई देता है। परमजीत अपने बेटे के साथ पार्किंग एरिया में पहुंचते हैं। इसके बाद मोनू उनसे पूछता है कि विधवा क्या होती है, क्या आप जानते हैं। इस पर परमजीत पूछते हैं कि भाईसाहब क्या हो गया। मोनू कहता है कि आज आपने मुझे तीन लोगों से पिटवा दिया। परमजीत हाथ जोड़कर अपनी बात समझाने की कोशिश करते हैं और कहते हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कराया। दोनों के बीच बातचीत चलती रहती है और परमजीत बार-बार मोनू से उसकी बात बताने को कहते हैं, लेकिन वह उनसे बात करने से इनकार करता रहता है। वीडियो में परमजीत का बेटा भी बीच में कुछ बोलने की कोशिश करता है, हालांकि परमजीत उसे बीच में बोलने से रोक देते हैं। इसी दौरान मोनू उनके बेटे को हाथ से आगे आने का इशारा करता है और कहता है कि तू भी आगे आ, और फिर परमजीत से कहता है कि परमात्मा को जानता है तू। आरोप है कि इसी बातचीत के दौरान मोनू अपनी जेब से पिस्टल निकालता है और परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर देता है। गोली चलने के बाद उनका बेटा वहां से भागकर अपनी जान बचाता है। तीसरे वीडियो में सोसायटी का मेन गेट दिखाई देता है, जहां फुटेज के मुताबिक परमजीत मदद मांगने के लिए गेट की ओर पहुंचते हैं। इसी दौरान पीछे से मोनू वहां आता है और परमजीत उसका गिरेबान पकड़कर उसे नीचे गिरा देते हैं। तभी परमजीत की मां भी मौके पर पहुंचती हैं और अपनी बहू को आवाज लगाती हैं। इसी बीच आरोपी फिर परमजीत पर चार गोलियां चलाता दिखाई देता है। फायरिंग के बाद आरोपी गाली देते हुए हैप्पी दिवाली कहता है और वहां से फरार हो जाता है। तीन वीडियो में कैद घटनाक्रम से पता चलता है कि आरोपी ने पहले परमजीत को बातचीत के बहाने नीचे बुलाया और फिर उन पर हमला किया। इस वारदात में परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक होने के बाद मामले ने एक बार फिर चर्चा पकड़ ली है।
फरीदाबाद में धनतेरस की शाम हुई परमजीत की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया, मोनू ने बेटे के सामने बरसाईं गोलियां
हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की शाम हुई परमजीत धनखड़ की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में हत्या से पहले और बाद का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। आरोप है कि मोनू शर्मा ने पहले पार्किंग का ब
NRI Post Hindi Desk · 13 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



