|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

फास्टैग बदलने का झंझट खत्म, एनएचएआई ने शुरू की 'वनटैग' पोर्टेबिलिटी सेवा

अब फास्टैग से जुड़ा बैंक बदलने के लिए नया टैग लेने और पुराना हटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई ने एक नई फास्टैग पोर्टेबिलिटी सेवा शुरू की है, जिसे वनटैग नाम

NRI Post Hindi Desk · 64 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

अब फास्टैग से जुड़ा बैंक बदलने के लिए नया टैग लेने और पुराना हटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई ने एक नई फास्टैग पोर्टेबिलिटी सेवा शुरू की है, जिसे वनटैग नाम दिया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में मुंबई में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान इस नई सुविधा को लॉन्च किया था। इस सेवा के जरिए वाहन मालिक अपने फास्टैग से लिंक्ड बैंक को आसानी से बदल सकेंगे, ठीक उसी तरह जैसे मोबाइल नंबर पोर्ट करने पर नंबर वही रहता है और केवल टेलीकॉम कंपनी बदल जाती है। अब तक फास्टैग जारी करने वाले बैंक को बदलने के लिए वाहन मालिक को नया फास्टैग खरीदना पड़ता था और कार की विंडस्क्रीन पर लगा पुराना फास्टैग भी हटाना पड़ता था। वनटैग सेवा इस पूरी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शुरू की गई है। इसके तहत वाहन मालिक अपना मौजूदा फास्टैग स्टिकर लगाए रख सकता है और केवल उससे जुड़े बैंक या जारीकर्ता को बदल सकता है। फास्टैग को नए बैंक में पोर्ट करने के लिए सबसे पहले वाहन मालिक को राजमार्गयात्रा ऐप में लॉग इन करना होगा। इसके बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके यह चेक करना होगा कि फास्टैग पोर्टेबिलिटी के लिए वाहन पात्र है या नहीं। यदि वाहन इस पोर्टेबिलिटी के लिए योग्य होगा तो मौजूदा फास्टैग बैंक की ओर से यूजर के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर छह अंकों का वेरिफिकेशन कोड भेजा जाएगा। इसके बाद यूजर को नया फास्टैग जारी करने वाला बैंक चुनना होगा। नए बैंक के साथ ग्राहक सत्यापन और वॉलेट ऑनबोर्डिंग का प्रोसेस पूरा होने के बाद पोर्टेबिलिटी हो जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया के बाद वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़ी फास्टैग आईडी में कोई बदलाव नहीं होगा, जिसके चलते वाहन मालिक को नया फास्टैग स्टिकर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह वाहन पर लगे पुराने फास्टैग का ही इस्तेमाल कर सकेगा। लेकिन पोर्टेबिलिटी के बाद टोल भुगतान के लिए नए बैंक खाते का इस्तेमाल किया जा सकेगा। हां, फास्टैग को दोबारा किसी दूसरे बैंक में पोर्ट किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए छह महीने का इंतजार करना होगा। एनएचएआई के मुताबिक, पोर्टेबिलिटी प्रोसेस पूरा होने के बाद पुराना बैंक या जारीकर्ता मौजूदा फास्टैग वॉलेट को बंद कर देगा और इस दौरान फास्टैग में बची हुई राशि को रिफंड करेगा। इसके बाद अगले छह महीने तक कूलिंग पीरियड लागू रहेगा और इस दौरान इसे दोबारा किसी दूसरे बैंक में पोर्ट नहीं किया जा सकेगा। फिलहाल फास्टैग पोर्टेबिलिटी की सुविधा कुछ चुनिंदा बैंकों और जारीकर्ताओं के लिए ही उपलब्ध है। राजमार्गयात्रा ऐप के अनुसार यूजर भारतीय स्टेट बैंक, एयरटेल पेमेंट बैंक, एक्सिस बैंक, सिटी यूनियन बैंक, फेडरल बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, करूर वैश्य बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के जरिए पोर्टेबिलिटी कर सकते हैं। एनएचएआई का कहना है कि वनटैग से सिर्फ वाहन मालिकों के लिए बैंक बदलना आसान नहीं होगा, बल्कि फास्टैग के पूरे जीवन चक्र के प्रबंधन में सुधार होगा। बार-बार नया फास्टैग बनाने की जरूरत कम होने से टैग उत्पादन, डिस्पैच और अन्य खर्च को भी घटाया जा सकेगा, जिससे एक बेहतर फास्टैग इकोसिस्टम तैयार करने में मदद मिलेगी।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!