सिरसा जिले के रोडी थाना क्षेत्र के गांव झोरड़रोही में करीब 25 वर्षीय युवक लवजीत सिंह की खेत में रखा स्प्रे पीने से मौत हो गई। मृतक के दादा बाबू सिंह ने पुलिस को दिए बयान में गांव के सात लोगों पर उनके पोते को कथित तौर पर लगातार परेशान करने, खेत में काम नहीं करने देने, ट्रैक्टर से फसल उजाड़ने और एक पुराने हत्या के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बाबू सिंह के अनुसार गांव के कुलबीर सिंह उर्फ निक्का सिंह की मौत के मामले में थाना रोड़ी में मुकदमा नंबर 122/2026 दर्ज है, जिसमें उनके छोटे बेटे अमरीक सिंह और पौते कुलदीप सिंह उर्फ मनी समेत गांव के अन्य लोगों के नाम दर्ज करवाए गए थे। इस मुकदमे के बाद कुलबीर सिंह के परिवार से संबंधित जसपाल सिंह, गगनदीप सिंह, संदीप सिंह, कौर सिंह, साहम्बर सिंह, काला सिंह और भगवंत सिंह उनके परिवार से रंजिश रखने लगे। दादा ने आरोप लगाया कि करीब पांच-छह दिन पहले उनका पोता लवजीत सिंह खेत में पानी लगाने गया था, जहां पड़ोसी कौर सिंह और साहम्बर सिंह ने उसे काम नहीं करने दिया और ट्रैक्टर से फसल नष्ट कर दी। विरोध करने पर कथित तौर पर अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और लवजीत के साथ हाथापाई की तथा उसे पुराने मुकदमे में नाम लिखवाकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई। इन घटनाओं से परेशान होकर लवजीत सिंह ने 18 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे खेत में रखी स्प्रे पी ली और इसके बाद वह घर पहुंचा तथा स्वजन को घटना की जानकारी दी। स्वजन उसे उपचार के लिए पंजाब के बठिंडा स्थित निजी अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। बाबू सिंह ने अपने बयान में आरोप लगाया कि लगातार कथित धमकियों, खेत में काम नहीं करने देने और फसल खराब होने से परेशान होकर लवजीत ने आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने नामजद सातों लोगों को मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आज मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
फसल उजाड़ी, हत्या के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी, तंग आकर 25 साल के युवक ने पी लिया स्प्रे
सिरसा जिले के रोडी थाना क्षेत्र के गांव झोरड़रोही में करीब 25 वर्षीय युवक लवजीत सिंह की खेत में रखा स्प्रे पीने से मौत हो गई। मृतक के दादा बाबू सिंह ने पुलिस को दिए बयान में गांव के सात लोगों पर उनके
NRI Post Hindi Desk · 64 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




