मेरठ की एक अदालत द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद साहिल शुक्ला और मुस्कान रस्तोगी की पहचान बदल गई है। जिला कारागार पहुंचने पर अब साहिल को कैदी नंबर 395 और मुस्कान को कैदी नंबर 396 के नाम से जाना जाएगा। अदालत का फैसला आने के बाद जेल प्रशासन ने दोनों को उनके कैदी नंबर और जेल के कपड़े मुहैया करा दिए हैं तथा उनकी बैरक भी बदल दी गई है। जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार जल्द ही दोनों को सेंट्रल जेल भेजा जाएगा। शाम सवा चार बजे अदालत ने मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई। सजा सुनते ही वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए दोनों जोर-जोर से रोने लगे। जेल अधीक्षक ने बताया कि दोनों को उम्मीद थी कि अदालत न्यायपूर्ण कार्रवाई करते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुना देगी। फांसी की सजा सुनने के बाद दोनों बदहवास हो गए और वहां मौजूद स्टाफ ने मुस्कान की गोद से उसकी बेटी को पकड़ा। इसके बाद दोनों की तत्काल काउंसलिंग की गई। जेल प्रशासन ने दोनों को बताया कि वे अभी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी अपना पक्ष रख सकते हैं और हाईकोर्ट में पक्ष रखने के लिए उन्हें अधिवक्ता कराया जाएगा। इसके बाद साहिल और मुस्कान ने कहा कि वे निचली अदालत के निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे। हालांकि दोनों ने बुधवार की रात जेल में खाना नहीं खाया और मुस्कान की बेटी को भी अन्य महिला बंदियों ने दूध पिलाया। इस मामले में पुलिस ने एक हजार पन्नों की चार्जशीट में मुस्कान और साहिल को आरोपित बनाया था, जबकि अदालत ने 165 पन्नों के निर्णय में दोनों को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा दी। जिला जज अरविंद कुमार मिश्र ने दोनों को फांसी की सजा सुनाने के बाद अपना पैन तोड़ दिया और उक्त पैन को भी निर्णय की फाइल में सुरक्षित रखा गया है। मुस्कान जेल में पहले से ही नवरात्र की पूजा कर रही थीं और सजा के मद्देनजर उनकी गतिविधियां जेल प्रशासन की निगरानी में थीं।
फांसी की सजा के बाद साहिल बने कैदी नंबर 395, मुस्कान बनीं 396, जेल में बिलख पड़े दोनों
मेरठ की एक अदालत द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद साहिल शुक्ला और मुस्कान रस्तोगी की पहचान बदल गई है। जिला कारागार पहुंचने पर अब साहिल को कैदी नंबर 395 और मुस्कान को कैदी नंबर 396 के नाम से जाना
NRI Post Hindi Desk · 41 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




