|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान वाले बयान पर गुलाम नबी आजाद का पलटवार, बोले- पाकिस्तान कभी नहीं हो सकता शुभचिंतक

जम्मू-कश्मीर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के एक बयान पर सियासी विवाद शुरू हो गया है। गुलाम नबी आजाद ने उनके बयान को गलत बताते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत और जम्मू-कश्मीर के लोगों का दुश्मन

NRI Post Hindi Desk · 30 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान वाले बयान पर गुलाम नबी आजाद का पलटवार, बोले- पाकिस्तान कभी नहीं हो सकता शुभचिंतक
📷 NRI Post Hindi Desk

जम्मू-कश्मीर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के एक बयान पर सियासी विवाद शुरू हो गया है। गुलाम नबी आजाद ने उनके बयान को गलत बताते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत और जम्मू-कश्मीर के लोगों का दुश्मन है। फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाकर यहां के लोगों की सुरक्षा कर रहा है। आजाद ने इस दावे को खारिज किया है। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पाकिस्तान कभी जम्मू-कश्मीर के लोगों का शुभचिंतक नहीं हो सकता। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह फारूक साहब का सम्मान करते हैं, लेकिन कश्मीर पर उनका बयान पूरी तरह गलत है। आजाद ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के लोग अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 1947 से अब तक जवाहरलाल नेहरू से लेकर नरेंद्र मोदी तक, अलग-अलग केंद्र सरकारों ने जम्मू-कश्मीर के विकास में योगदान दिया है। दरअसल, यह विवाद फारूक अब्दुल्ला के बारामूला में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में दिए गए बयान के एक दिन बाद शुरू हुआ। उनके बयान पर भाजपा समेत कई नेताओं ने भी आपत्ति जताई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर के बारामूला में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में पाकिस्तान को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठा रहा है और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ दुनिया के अलग-अलग मंचों पर कहते हैं कि कश्मीर का विवाद अभी सुलझा नहीं है। फारूक अब्दुल्ला ने दावा किया था कि पाकिस्तान के इस रुख से जम्मू-कश्मीर के लोगों को सुरक्षा मिल रही है और उन्होंने केंद्र सरकार की नीयत पर भी सवाल उठाए थे। इस बयान पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई। पार्टी के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की और आरोप लगाया कि फारूक का बयान कश्मीर पर पाकिस्तान के रुख को सही ठहराने जैसा है। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने भी फारूक अब्दुल्ला से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना ने भी बयान की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पाकिस्तान पिछले कई दशकों से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। शिया नेता और पूर्व मंत्री इमरान अंसारी ने भी फारूक अब्दुल्ला के बयान की आलोचना की और सोशल मीडिया पर कश्मीर के लोगों से अपील की कि वे फारूक की बातों का अनुसरण न करें। अंसारी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं के विरोध को किराए का विद्रोह बताया और आरोप लगाया कि कुछ नेताओं को सरकार के खिलाफ खुलकर बोलने की छूट है, जबकि आम कश्मीरी ऐसी बात कहे तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने पीएसए और यूएपीए जैसे कानूनों का भी जिक्र किया। बारामूला में अपने संबोधन के दौरान फारूक अब्दुल्ला ने भाजपा शासित राज्यों में मुस्लिम समुदाय की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाए जाने का भी मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि मुस्लिमों के घरों, दुकानों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने मीडिया के एक हिस्से पर भी सरकार के पक्ष में खबरें दिखाने का आरोप लगाया। गौरतलब है कि अगस्त 2019 में केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटा दिया था, जिसके बाद तत्कालीन राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया गया था।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!