हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने बिलासपुर जिले में नौणी से शुरू होने वाले फोरलेन मार्ग पर बिना वैध परमिट के बसें चलाने के मामले पर गंभीर संज्ञान लिया है। न्यायाधीश संदीप शर्मा ने तारा देवी, रंजीत सिंह और अन्य निजी बस आपरेटरों द्वारा दायर याचिकाओं का निपटारा करते हुए यह महत्वपूर्ण आदेश जारी किया। अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन फोरलेन पर किसी भी निजी या सरकारी बस को तब तक चलने की अनुमति न दें जब तक उनके पास इसके लिए वैध रूट परमिट न हो। याचिकाकर्ता निजी बस ऑपरेटरों का आरोप था कि क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण ने आठ अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर उन्हें फोरलेन का उपयोग करने से रोक दिया था, जबकि प्रशासन भेदभावपूर्ण नीति अपना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एचआरटीसी, सीटीयू तथा पंजाब और हरियाणा रोडवेज की बसों के पास भी फोरलेन का परमिट नहीं है, लेकिन उन्हें वहां चलने की छूट दी जा रही है। याचिकाकर्ताओं के परमिट के अनुसार उन्हें स्वारघाट, गंभोलापुर, कल्लर और पंजपीरी के पुराने रास्ते से जाना अनिवार्य है। सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि नवंबर 2024 से सभी आपरेटर बिना परमिट के फोरलेन का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसके कारण पुराने रूट के ग्रामीण बस सेवा से वंचित हो गए थे। ग्रामीणों ने इसकी आनलाइन शिकायत मुख्यमंत्री से की, जिसके बाद उपायुक्त बिलासपुर के निर्देश पर नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के चालान काटे गए। उच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है और राज्य सरकार नियमों को लागू करने में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं कर सकती। अदालत ने कहा कि आरटीओ और पुलिस अधीक्षक बिलासपुर यह सुनिश्चित करें कि बिना वैध परमिट के कोई भी सरकारी या निजी बस फोरलेन पर न चले। इस फैसले से साफ संदेश गया है कि परिवहन नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और भेदभावपूर्ण रवैया किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फोरलेन पर बिना परमिट बसों पर हिमाचल हाई कोर्ट सख्त, आरटीओ और एसपी को कार्रवाई के निर्देश
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने बिलासपुर जिले में नौणी से शुरू होने वाले फोरलेन मार्ग पर बिना वैध परमिट के बसें चलाने के मामले पर गंभीर संज्ञान लिया है। न्यायाधीश संदीप शर्मा ने तारा देवी, रंजीत सिंह औ
NRI Post Hindi Desk · 17 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




