पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी योजना का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि सरकार 'भोरशा कर्मसूची' नाम की नई स्कीम ला रही है, जिसके तहत स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके बेरोजगार युवाओं को हर महीने 2000 रुपये का मासिक भत्ता दिया जाएगा। यह भत्ता जनवरी 2027 से शुरू होने वाला है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन पढ़े-लिखे युवाओं को आर्थिक रूप से मदद पहुंचाना है, जिनके पास नौकरी नहीं है और जो आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस सरकारी स्कीम के तहत बेरोजगार स्नातकों के साथ-साथ सरकारी व्यावसायिक संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से डिप्लोमा प्राप्त करने वाले युवाओं को भी यह लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सिर्फ बेरोजगार स्नातक ही नहीं, बल्कि जो युवा ग्रेजुएट नहीं हैं, उन्हें भी सरकार हर महीने 1500 रुपये का भत्ता देगी। यानी इस योजना का लाभ राज्य के दोनों वर्गों के बेरोजगार युवाओं को मिलेगा। इसके अलावा सरकार ने यह भी घोषणा की है कि आने वाले वर्षों में इन भत्तों की राशि बढ़ाई जाएगी। वित्त वर्ष 2028-29 से ग्रेजुएट बेरोजगारों को मिलने वाला भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपये और नॉन-ग्रेजुएट बेरोजगारों का भत्ता बढ़ाकर 2000 रुपये प्रति माह कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के दौरान भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार यह भत्ता बढ़ाया जाएगा। इस योजना के लिए पात्रता की शर्तें भी सामने आ गई हैं। इस सरकारी स्कीम का लाभ ऐसे युवाओं को मिलेगा, जिनकी उम्र 21 साल से लेकर 45 साल के बीच होगी। बता दें कि 'भोरशा कर्मसूची स्कीम' ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की 'युवसाथी' योजना की जगह ली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार की योजना के तहत 54 लाख मौजूदा लाभार्थियों का वेरिफिकेशन इस स्कीम में 31 दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन लोगों ने अभी तक अप्लाई नहीं किया है, वे 'अपनार सरकार अपनार पाशे' प्रोग्राम के माध्यम से अपनी एप्लीकेशन जमा कर सकते हैं। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने युवाओं से कुछ समय के लिए सब्र रखने की अपील करते हैं, क्योंकि हमने कई नई स्कीम शुरू की हैं, बकाया चुकाया है और बड़ी फाइनेंशियल जिम्मेदारियां ली हैं। हम अपना वादा निभाएंगे।
बंगाल में बेरोजगार ग्रेजुएट्स को हर महीने 2000 रुपये, जानें कब से मिलेंगे पैसे
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी योजना का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि सरकार 'भोरशा कर्मसूची' नाम क
NRI Post Hindi Desk · 1 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





