|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

बीएचयू और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोध में खुलासा, ज्वालामुखी और भूकंप के बीच बने थे कोयले के भंडार

काशी हिंदू विश्वविद्यालय और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के विज्ञानियों ने पूर्वी हिमालय के सियांग विंडो क्षेत्र में करोड़ों वर्ष पुरानी भूवैज्ञानिक हलचलों को लेकर साझा शोध में नए तथ्य उजागर किए हैं। यह महत

NRI Post Hindi Desk · 75 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
बीएचयू और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोध में खुलासा, ज्वालामुखी और भूकंप के बीच बने थे कोयले के भंडार
📷 NRI Post Hindi Desk

काशी हिंदू विश्वविद्यालय और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के विज्ञानियों ने पूर्वी हिमालय के सियांग विंडो क्षेत्र में करोड़ों वर्ष पुरानी भूवैज्ञानिक हलचलों को लेकर साझा शोध में नए तथ्य उजागर किए हैं। यह महत्वपूर्ण अध्ययन भूविज्ञान जगत की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका इंटरनेशनल जर्नल आफ अर्थ साइंसेज में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं की टीम में गुवाहाटी विश्वविद्यालय के डा. दीपज्योति बोरसाइकिया व डा. मौसमी गोगोई और बीएचयू के डा. गोविंद कुमार व डा. अमिय शंकर नायक सहित छह शोधकर्ता शामिल हैं। विज्ञानियों ने अत्याधुनिक पेट्रोग्राफिक, आइसोटोपिक और स्पेक्ट्रोस्कोपिक तकनीकों का उपयोग कर पता लगाया है कि यह पूरा क्षेत्र कभी प्राचीन महाद्वीप गोंडवाना का उत्तरी छोर हुआ करता था। शोध में 27 से 29 करोड़ वर्ष पुराने अर्लीपरमियन काल की भरेलीफार्मेशन की चट्टानों का अध्ययन कर पृथ्वी के तत्कालीन वातावरण, जंगलों की आग और ज्वालामुखी सक्रियता का नया इतिहास सामने रखा गया है। कार्बन के विशेष समस्थानिक दर्शाते हैं कि उस समय यहां ग्लोसोप्टेरिस नाम के विशाल प्रागैतिहासिक पौधों के घने जंगल थे। चट्टानों में पाए गए विशेष कोयला तत्वों से साबित होता है कि उस दौर में इन जंगलों में बार-बार विनाशकारी आग लगती थी, जिसके बाद जलमग्न दलदली क्षेत्रों में पीट का संचय होता था। आमतौर पर माना जाता है कि भारत के प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में कोयले की बहुत मोटी और स्थिर परतें पाई जाती हैं, लेकिन पूर्वी हिमालय का यह क्षेत्र उस समय बहुत अलग था। यह क्षेत्र भूगर्भीय रूप से लगातार धंस रहा था और ज्वालामुखी विस्फोटों व भूकंपीय गतिविधियों के कारण जलस्तर तेजी से बदलता रहता था। इसी अस्थिरता की वजह से यहां आस्ट्रेलिया के सिडनी-बोवेन बेसिन की तरह ही पतली, लेकिन विशिष्ट कोयले की परतें बनीं। विज्ञानियों ने जब चट्टानों की परिपक्वता और रमन सूचकांकों की जांच की तो अनोखी बात सामने आई। आमतौर पर जमीन में जितनी गहराई पर जाएं, गर्मी और दबाव के कारण चट्टानें उतनी ही परिपक्व होती हैं, लेकिन इस क्षेत्र में उल्टा पाया गया। करोड़ों साल बाद जब हिमालयन थ्रस्टिंग हुई, तो उस अत्यधिक घर्षण और गर्मी ने इन चट्टानों की तापीय संरचना को पूरी तरह बदल दिया। यही कारण है कि यहां गहराई के बजाय स्थानीय टकराव वाले हिस्सों में कोयले और शेल की परिपक्वता कहीं ज्यादा दिखाई देती है। यह शोध हिमालय की उत्पत्ति और भारत के कोयला भंडारों के इतिहास को समझने में मदद करेगा।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!