|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

बांग्लादेश में आज राष्ट्रपति पद के लिए मतदान, फखरुल की जीत लगभग तय

बांग्लादेश में गुरुवार को नए राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। 35 साल बाद पहली बार देश के राष्ट्रपति पद के लिए सीधे संसद में वोट डाले जा रहे हैं। राष्ट्रपति पद की रेस में मुख्य मुकाबला सत्ता

NRI Post Hindi Desk · 97 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
बांग्लादेश में आज राष्ट्रपति पद के लिए मतदान, फखरुल की जीत लगभग तय
📷 NRI Post Hindi Desk

बांग्लादेश में गुरुवार को नए राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। 35 साल बाद पहली बार देश के राष्ट्रपति पद के लिए सीधे संसद में वोट डाले जा रहे हैं। राष्ट्रपति पद की रेस में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दिग्गज नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर और 11 दलीय विपक्षी गठबंधन के प्रत्याशी कर्नल (रिटायर्ड) ओली अहमद के बीच है। चुनाव आयोग के अनुसार, जातीय संसद यानी संसद भवन में मतदान दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग ने 16 अगस्त को ही दोनों उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को वैध करार दिया था। मिर्जा फखरुल बीएनपी का प्रमुख चेहरा हैं, जबकि लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) ओली अहमद जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलीय विपक्षी मोर्चे के उम्मीदवार हैं। बुधवार को बीएनपी संसदीय दल की बैठक के दौरान फखरुल ने अपनी ही पार्टी के सांसदों से समर्थन की अपील की। लंबे समय तक पार्टी के महासचिव रहे फखरुल बैठक में बेहद भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने सांसदों से कहा कि अगर मेरे कार्यकाल के दौरान मुझसे कोई भूल हुई हो या अनजाने में किसी का दिल दुखा हो, तो मैं माफी मांगता हूं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता से कभी समझौता न करने का संकल्प भी लिया। चुनावी नतीजों के तुरंत बाद नए राष्ट्रपति शुक्रवार शाम बंगभवन के दरबार हॉल में बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा देने के बाद यह पद खाली हुआ था। संविधान के तहत पद खाली होने के 90 दिनों के भीतर चुनाव कराना अनिवार्य है। फिलहाल सभापति (स्पीकर) हाफिज उद्दीन अहमद कार्यवाहक राष्ट्रपति पद पर हैं। इस साल 12 फरवरी को हुए आम चुनावों में बीएनपी ने सत्ता में वापसी की थी। संसद में बीएनपी के पास दो-तिहाई से ज्यादा का बहुमत है। ऐसे में प्रधानमंत्री तारिक रहमान के घोषित उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर की जीत लगभग तय मानी जा रही है। पेशे से अर्थशास्त्री रहे फखरुल 1990 के दशक में बीएनपी में शामिल हुए थे। वह पहले कृषि राज्य मंत्री और स्थानीय सरकार मंत्री भी रह चुके हैं। बीएनपी के पास संसद में स्पष्ट बहुमत होने के कारण विपक्षी उम्मीदवार की जीत की संभावना बेहद कम है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!