बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने परिवार के चारों लोगों की हत्या करने के बाद करीब 6 से 7 घंटे तक उसी घर में छिपे रहे। इस दौरान उन्होंने आराम से खाना खाया, फ्रिज से खीरा निकाला और खजूर भी खाए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली है। मृतकों में रिटायर्ड स्कूल शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी आगमी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 साल का बेटा प्रियम चक्रवर्ती शामिल हैं। पुलिस ने मामले में दो चचेरे भाइयों मुग्धो और सिद्धार्थ को हिरासत में लिया है। गणपति चक्रवर्ती पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से रिटायर हुए थे। उनकी बेटी ने इसी साल अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी, जबकि उनका बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पड़ोसी इमारत के रास्ते गणपति चक्रवर्ती के घर की छत पर पहुंचे थे। वहां वे कथित तौर पर याबा नामक खतरनाक नशीली गोली का सेवन कर रहे थे। छत से आवाज सुनकर गणपति पूछताछ करने के लिए ऊपर पहुंचे। आरोपियों को डर था कि गणपति उन्हें पहचान लेंगे, इसलिए उन्होंने कथित तौर पर गमछे से उनका गला दबा दिया। गणपति के साथ हुई हाथापाई की आवाज सुनकर उनकी पत्नी प्रीतिलता भी सीढ़ियों से ऊपर पहुंचीं, जहां आरोपियों ने कपड़े से उनका भी गला दबा दिया। पुलिस को शक है कि 12 साल का प्रियम आरोपियों में से एक के छोटे भाई अपूर्वा का दोस्त था। इसी वजह से आरोपियों को डर था कि वह उनकी पहचान बता सकता है। इसके बाद आरोपियों ने परिवार की बेटी आगमी और बेटे प्रियम की भी हत्या कर दी। पुलिस को परिवार की किसी से पुरानी दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी तुरंत भागे नहीं, बल्कि करीब 6 से 7 घंटे तक घर के अंदर ही रहे। जांच के दौरान पुलिस को घर से खजूर की गुठलियां और खीरे के सबूत मिले। आरोपियों ने घर में नशा किया, खाना खाया और वहीं नहाया। जांच के दौरान कुछ चूड़ियां भी मिलीं, जिन्हें आग में जलाने की कोशिश की गई थी। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। परिवार के चारों सदस्यों के शव शनिवार रात करीब 11.30 बजे उनके बंद घर से बरामद हुए। गणपति का शव छत पर मिला, जबकि प्रीतिलता और आगमी के शव सीढ़ियों पर मिले। प्रियम का शव घर के अंदर एक बिस्तर के नीचे मिला। परिवार के चारों मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे, जिससे रिश्तेदारों को चिंता हुई। जब शनिवार रात भी परिवार से संपर्क नहीं हुआ तो रिश्तेदार घर पहुंचे और घटना का पता चला। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस, क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट और डिटेक्टिव ब्रांच ने संयुक्त रूप से मामले की जांच की। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात कबूल की। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
बांग्लादेश में हिंदू परिवार की हत्या का खुलासा: हत्या के बाद 7 घंटे घर में खाते-पीते रहे आरोपी, फ्रिज से निकाला खीरा और खजूर खाया
बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने परिवार के चारों लोगों की हत्या करने के बाद करीब
NRI Post Hindi Desk · 93 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


