|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

बाजार में भूचाल: इस साल विदेशी निवेशकों ने निकाले 4 लाख करोड़, सरकार पर दबाव

भारतीय शेयर बाजार पिछले करीब 10 महीनों से लगातार गिरावट का दौर झेल रहा है, और इस गिरावट का सबसे बड़ा कारण विदेशी निवेशकों की अंधाधुंध बिकवाली है। साल 2026 में अब तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से

NRI Post Hindi Desk · 45 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

भारतीय शेयर बाजार पिछले करीब 10 महीनों से लगातार गिरावट का दौर झेल रहा है, और इस गिरावट का सबसे बड़ा कारण विदेशी निवेशकों की अंधाधुंध बिकवाली है। साल 2026 में अब तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार से 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक निकाले चुके हैं, जो निवेशकों को डराने वाला आंकड़ा है। महज पिछले 9 दिनों में ही विदेशी निवेशकों ने करीब 60 हजार करोड़ रुपये भारतीय बाजारों से निकाल डाले हैं। भारतीय शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक निफ्टी अपने उच्चतम स्तर से 15 फीसदी से ज्यादा लुढ़क चुका है, जो निवेशकों के पोर्टफोलियो को लहूलुहान करने के लिए काफी है। विदेशी निवेशकों की बेरुखी के बीच अगर आज हमारा बाजार किसी तरह से टिका हुआ है, तो उसमें घरेलू रिटेल निवेशकों का बड़ा योगदान है, जो पिछले कुछ वर्षों में एक ताकत बनकर उभरे हैं। डायरेक्ट इक्विटी मार्केट और म्यूचुअल फंड्स के जरिए आम भारतीयों ने बाजार में जो भरोसा जताया है, उसी के दम पर सूचकांक बड़े हादसों से बच पा रहे हैं। लेकिन कड़वी सच्चाई यह भी है कि मौजूदा हालात में बगैर विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार को लंबे समय तक संभालना मुश्किल है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। जानकारों का मानना है कि भारतीय बाजार में जटिल और टैक्स जाल से विदेशी निवेशक मायूस और निराश हैं। भारत में लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स 12.5 प्रतिशत और शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन्स 20 प्रतिशत है, जो विदेशी संस्थागत निवेशकों को चुभता है। इसके अलावा वायदा और विकल्प के कारोबार पर बढ़ा हुआ प्रतिभूति लेनदेन कर विदेशी फंडों के मार्जिन को और कम कर देता है। रही सही कसर कमजोर रुपया पूरी कर रहा है। अगर शेयर बाजार स्थिर रहे या मामूली गिरे और रुपया तेजी से गिर जाए, तो विदेशी निवेशकों को डॉलर में सीधा नुकसान यानी निगेटिव रिटर्न का डर सताने लगता है। जब तक रुपया स्थिर नहीं होता, तब तक विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में बड़ी खरीदारी करने से कतराते रहेंगे। इस बीच अमेरिका में ज्यादा ब्याज मिलना और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से विदेशी निवेशकों को बिना किसी जोखिम के 5 प्रतिशत से ज्यादा सुरक्षित रिटर्न डॉलर में ही मिल जाता है। ऐसे में कमजोर होते रुपये वाले उभरते बाजार के जोखिम भरे इक्विटी मार्केट में उन्हें पैसे लगाए रखना फायदे का सौदा नहीं लग रहा है। बाजार में भूचाल के बीच सवाल अब उठ रहा है कि आखिर सरकार को विदेशी निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए जो कदम उठाए जाने चाहिए, उनमें इतनी देरी क्यों हो रही है। सबसे पहले सरकार को उन प्राथमिक कारणों की तह तक जाना चाहिए कि विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से अपना बोरिया-बिस्तर क्यों समेट रहे हैं और उनकी असली दिक्कतें क्या हैं। बजट का वह दिन भी याद किया जा रहा है, जब निवेशक देसी हो या विदेशी, सबकी निगाहें सरकार पर टिकी थीं, लेकिन उम्मीदें पूरी नहीं हुईं। उल्टे वायदा और विकल्प के कारोबार पर प्रतिभूति लेनदेन कर बढ़ा दिया गया, जिस दिन भी इस फैसले से बाजार बिखर गया था। इसी साल मार्च के महीने में जब बाजार में बड़ी गिरावट आई, तब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण यह कहती दिखीं कि सरकार उद्योग जानकारों से बात कर रही है। जिसके बाद निवेशकों में एक उम्मीद बंधी थी कि शायद कैपिटल गेन्स कर या प्रतिभूति लेनदेन कर में राहत मिल सकती है, लेकिन उस मामले को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। उसके बाद महंगा कच्चा तेल और लगातार कमजोर पड़ती भारतीय करेंसी ने पूरा खेल बिगाड़ कर रख दिया। अब तो रिटेल निवेशकों को भी इस गिरावट से गहरा दर्द हो रहा है। उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई और अपनी बचत का पैसा देश की अर्थव्यवस्था पर भरोसा करके बाजार में लगाया है। जब बाजार में चौतरफा अनिश्चितता का माहौल है, तो उम्मीदें सरकार पर टिकी हैं और अब वक्त भी कह रहा है कि ठोस कदम उठाए जाएं। कर से लेकर दूसरे सुधारों पर समय रहते फैसला लेना जरूरी है, क्योंकि विदेशी निवेशकों को कोसने से कुछ नहीं होगा। विदेशी निवेशक आखिर पैसे वहीं लगाते हैं, जहां उन्हें बेहतर जोखिम और ठोस रिटर्न की संभावना ज्यादा दिखती है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!