|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

बेटी को बचाने पहुंचे पिता पर हमला, दरांती से काटकर बाप-बेटी की निर्मम हत्या

कर्नाटक के बेलगावी जिले में बुधवार दोपहर ग्राम पंचायत कार्यालय के अंदर बाप-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना कित्तूर तालुक के अवराडी गांव की है। मृतकों की पहचान 67 वर्षीय पूर्व सैनिक रुद्रप्पा कु

NRI Post Hindi Desk · 69 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
बेटी को बचाने पहुंचे पिता पर हमला, दरांती से काटकर बाप-बेटी की निर्मम हत्या
📷 NRI Post Hindi Desk

कर्नाटक के बेलगावी जिले में बुधवार दोपहर ग्राम पंचायत कार्यालय के अंदर बाप-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना कित्तूर तालुक के अवराडी गांव की है। मृतकों की पहचान 67 वर्षीय पूर्व सैनिक रुद्रप्पा कुंदरगी और उनकी 26 वर्षीय बेटी शशिकला कुंदरगी के तौर पर हुई है। दोनों धारवाड़ के सत्तूर में रहते थे। बताया जा रहा है कि रुद्रप्पा संपत्ति विवाद से जुड़े दस्तावेज जमा करने और आरटीसी रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने के आवेदन के सत्यापन के लिए पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान उनके भाइयों बसप्पा कुंदरगी, संगप्पा कुंदरगी और भतीजे मदिवलप्पा कुंदरगी ने कथित तौर पर उन पर दरांती और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, रुद्रप्पा पर हमला होते देखकर उनकी बेटी शशिकला उन्हें बचाने के लिए आगे आईं। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। उनके सिर पर पत्थर से वार किए जाने की बात भी सामने आई है। हमले के दौरान उनके बाल काटे जाने का भी वीडियो पुलिस के सामने आया है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बेलगावी के पुलिस अधीक्षक के. रामराजन ने बताया कि वारदात दोपहर करीब 12 बजे अवराडी ग्राम पंचायत भवन परिसर में हुई। उस समय पंचायत विकास अधिकारी समेत अन्य सरकारी कर्मचारी वहां मौजूद थे। उन्होंने घटना को देखा और कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। पुलिस के पास अब घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद स्थानीय सब-इंस्पेक्टर, कित्तूर सीपीआई और बैलहोंगल डीएसपी समेत पुलिस टीम करीब एक बजे घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले में रुद्रप्पा के कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा रुद्रप्पा की बेटी के दोस्त राहुल पर भी कथित तौर पर हमला किया गया। धारवाड़ के शिवगिरी निवासी राहुल को गंभीर हालत में धारवाड़ जिला अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक, विवाद करीब 38 गुंटा जमीन को लेकर था। अदालत ने इस संपत्ति को तीन लोगों के बीच बांटने का आदेश दिया था। रुद्रप्पा के धारवाड़ में बसने के बाद उनके भाइयों का दावा था कि इस जमीन में उनका कोई हिस्सा नहीं है। वहीं, रुद्रप्पा का कहना था कि उन्हें भी संपत्ति में हिस्सा मिलना चाहिए। रुद्रप्पा ने अपने हिस्से को लेकर अदालत का आदेश हासिल किया था और उसे कानूनी प्रक्रिया के जरिए लागू कराने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि उनके भाइयों को डर था कि अदालत का आदेश लागू होने के बाद जमीन में रुद्रप्पा का हिस्सा चला जाएगा। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, शुरुआती वीडियो में बुजुर्ग व्यक्ति पर पहले हमला होता दिखाई दे रहा है। इसके बाद उनकी बेटी उन्हें बचाने के लिए आगे आती हैं और हमलावर उन पर भी हमला कर देते हैं। पुलिस अब वीडियो फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। मामला कित्तूर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!