पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा टीम ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के आपरेटिव्स के लिए कथित तौर पर काम करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जिला फिरोजपुर के गांव जखरावा वासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में हुई है, जिस पर बठिंडा छावनी स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों की संवेदनशील जानकारी और उनके लोकेशन पाकिस्तान में बैठे आईएसआई आपरेटिव्स तक पहुंचाने का आरोप है। यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा ने विशेष खुफिया सूचनाओं के आधार पर स्थानीय पुलिस बठिंडा और मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट बठिंडा (साउथ वेस्टर्न कमांड) के सहयोग से संयुक्त रूप से की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपित के पाकिस्तान स्थित आपरेटिव्स के साथ कथित संबंधों की जानकारी मिलने के बाद उसे हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपित कई पाकिस्तानी आईएसआई आपरेटिव्स के संपर्क में था तथा उनके निर्देशों पर बठिंडा कैंट में स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी और उनके स्थान संबंधी संवेदनशील विवरण साझा कर रहा था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह जानकारी जासूसी के उद्देश्य से भेजी जा रही थी, जिससे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को संभावित खतरा पैदा हो सकता था। इस मामले में थाना सिविल लाइंस बठिंडा में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 113(3) और 152 तथा आफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के खिलाफ जिला फिरोजपुर में पहले से तीन एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें 14 मई 2022 को थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज मामला शामिल है जिसमें आरोपित जमानत पर है, इसके अलावा 27 फरवरी 2026 को आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में ड्रोन और कारतूस बरामदगी के संबंध में वह वांछित है, वहीं 22 सितंबर 2026 को थाना अरिफ के में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में 6.25 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के संबंध में भी आरोपी की तलाश थी। जांच एजेंसियां अब आरोपित से पूछताछ के आधार पर उसके जासूसी नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने, पाकिस्तान स्थित आपरेटिव्स से उसके संपर्कों की पुष्टि करने और इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा ने वर्ष 2026 में अब तक विभिन्न अभियानों के दौरान 23 पिस्तौल, 63 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड और तीन किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, इसके अलावा एक किलोग्राम आईस (क्रिस्टल मेथामफेटामिन), 180 किलोग्राम चूरा पोस्त और पांच किलोग्राम अफीम भी बरामद की गई है। एजेंसी ने आईएसआई आपरेटिव्स के निर्देशों पर सैन्य प्रतिष्ठानों और सैन्य कर्मियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कथित तौर पर लगाए गए दो सीसीटीवी कैमरे भी बरामद किए हैं, इसके साथ ही बठिंडा में पेट्रोल बम हमले के दो मामलों को भी सुलझाने का दावा किया गया है। इस पूरी कार्रवाई की जानकारी एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर और एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा अवनीत कौर सिद्धू ने साझा की। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य की शांति, सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बठिंडा कैंट में जासूसी का पर्दाफाश, आईएसआई के लिए सैन्य ठिकानों की जानकारी भेजने के आरोप में फिरोजपुर का युवक गिरफ्तार
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा टीम ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के आपरेटिव्स के लिए
NRI Post Hindi Desk · 1 घंटे पहले · अपडेट 1 घंटे पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





