आईआईटी कानपुर के विज्ञानियों ने बैडमिंटन के लिए एक बेहतर सिंथेटिक शटलकॉक विकसित करने की नई राह खोजी है। यह शोध उन बैडमिंटन प्रेमियों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकता है, जिन्हें अब तक तेज प्रहार और हवा के दबाव में शटलकॉक के अस्थिर होने या जल्दी खराब होने की समस्या से जूझना पड़ता था। आईआईटी कानपुर के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. संजय मित्तल और छात्र मुकुल कुमार कंसारा ने इस दिशा में महत्वपूर्ण शोध कार्य किया है। विज्ञानियों ने पंखों वाली तथा सिंथेटिक शटलकॉक का विंड टनल में अलग-अलग वायु गति पर परीक्षण किया। इस शोध का मुख्य उद्देश्य यह समझना था कि तेज गति से उड़ने के दौरान शटलकॉक अपनी उड़ान में हवा के दबाव का सामना कैसे करती है और अपनी स्थिरता को बनाए रखने में उसकी डिजाइन की क्या भूमिका होती है। शोध में यह सामने आया कि तेज शॉट के बाद हवा के खिंचाव के कारण शटलकॉक अपने आप घूमने लगती है और हवा की गति बढ़ने के साथ उसका घूर्णन भी बढ़ता है। यही स्वतः घूर्णन यानी ऑटो रोटेशन उड़ान के दौरान शटलकॉक को स्थिर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रो. मित्तल ने बताया कि तेज हवा के दबाव में शटलकॉक का गोल घेरा यानी स्कर्ट सिकुड़ता है और सिंथेटिक शटलकॉक में यह बदलाव अपेक्षाकृत अधिक होता है, जिससे एक सीमा के बाद उसके मुड़ने का खतरा बढ़ जाता है। शोध में पाया गया कि स्वतः घूर्णन ही इस खामी को नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे शटलकॉक तेज गति में भी अनियंत्रित होने से बच जाती है। प्रो. मित्तल के अनुसार हवा का प्रवाह, शटलकॉक का घूर्णन और उसकी संरचना एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं और यह द्रव-संरचना अंतःक्रिया का उदाहरण है। इस प्रक्रिया की बेहतर समझ से ऐसी सिंथेटिक शटलकॉक डिजाइन की जा सकती है, जिनकी संरचना हवा के दबाव के अनुरूप बेहतर प्रतिक्रिया दे। इस शोध से खेल उपकरण निर्माताओं को शटलकॉक के आकार, स्कर्ट की संरचना और सामग्री में बदलाव के लिए वैज्ञानिक आधार मिल सकता है, जिससे अधिक टिकाऊ, स्थिर और बेहतर प्रदर्शन वाली सिंथेटिक शटलकॉक बनाई जा सकेगी। खेल सामान निर्माताओं के साथ साझेदारी कर इस नई तकनीक को तैयार किया जा सकेगा। यह शोध न केवल बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए बल्कि खेल उपकरण उद्योग के लिए भी एक नई दिशा साबित हो सकता है।
बैडमिंटन के लिए बनेगी बेहतर सिंथेटिक शटलकॉक, आईआईटी कानपुर के शोध से बदलेगा खेल का रोमांच
आईआईटी कानपुर के विज्ञानियों ने बैडमिंटन के लिए एक बेहतर सिंथेटिक शटलकॉक विकसित करने की नई राह खोजी है। यह शोध उन बैडमिंटन प्रेमियों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकता है, जिन्हें अब तक तेज प्रहार और हवा के
NRI Post Hindi Desk · 54 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



