बौद्ध सर्किट के प्रमुख तीर्थ स्थलों को हवाई मार्ग से सीधे जोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वाराणसी, गया और कुशीनगर हवाई अड्डों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत एक ही समूह में जोड़कर पट्टे पर देने की तैयारी है। चार अगस्त को पीपीपी अप्रेजल कमेटी की 149वीं बैठक में इसको सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और अब जल्द ही टेंडर तथा बिडिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। इस योजना में करीब 2467 करोड़ रुपये के निजी निवेश का अनुमान है, जिससे पर्यटन नेटवर्क को नया विस्तार मिलेगा। इन तीनों प्रमुख केंद्रों के एक साझा हवाई नेटवर्क में बंधने से दुनिया भर के बौद्ध देशों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक ही यात्रा में पूरा बौद्ध सर्किट पूरा करना बेहद आसान हो जाएगा। तीनों स्थलों को जोड़ने वाले इस हवाई नेटवर्क के तैयार होने पर विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ उनका ठहराव भी बढ़ेगा। इस यात्रा का कुशीनगर बड़ा केंद्र बनेगा, जबकि तीनों हवाई अड्डों की भूमिका पूरक के रूप में होगी। वाराणसी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के कारण हब की भूमिका निभाएगा। गया बौद्ध पर्यटकों के लिए पहले से स्थापित केंद्र है, और कुशीनगर अंतिम धार्मिक पड़ाव के रूप में अपनी विशिष्टता से पर्यटकों को जोड़ेगा। यदि ऐसा हुआ तो 2023 से बंद कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के दिन बहुरेंगे ही, यह बौद्ध सर्किट के तीनों प्रमुख पड़ावों को जोड़ने वाले पर्यटन नेटवर्क का अहम हिस्सा बनेगा। इसका लाभ विमानन से निकलकर पूर्वांचल की पूरी पर्यटन अर्थव्यवस्था तक पहुंचेगा। उल्लेखनीय है कि बोधगया में बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ, सारनाथ में उन्होंने पहला उपदेश दिया और कुशीनगर में महापरिनिर्वाण हुआ, इसलिए भौगोलिक नहीं बल्कि धार्मिक कनेक्शन इस नेटवर्क का आधार बनेगा। कुशीनगर हवाई अड्डे के उद्घाटन के समय इसे लुंबिनी, बोधगया, सारनाथ और श्रावस्ती जैसे प्रमुख बौद्ध स्थलों को जोड़ने वाले नेटवर्क के हिस्से के रूप में प्रस्तुत किया गया था, और 2021 में श्रीलंका से आई पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान ने इस कनेक्टिविटी की शुरुआत की थी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के 11 हवाई अड्डों को बड़े और छोटे हवाई अड्डों के साथ जोड़कर पांच समूहों में बांटा गया है, जिसमें समूह एक में अमृतसर और कांगड़ा-गग्गल, समूह दो में वाराणसी, गया और कुशीनगर, समूह तीन में भुवनेश्वर और हुबली, समूह चार में रायपुर और औरंगाबाद तथा समूह पांच में तिरुचिरापल्ली और तिरुपति को रखा गया है। जिलाधिकारी कुशीनगर महेंद्र सिंह तंवर के अनुसार इस एकीकृत माडल से जिले में पर्यटन और विकास के नए रास्ते खुलेंगे तथा विदेशी सैलानियों की संख्या बढ़ने से होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट, टूर आपरेटर, स्थानीय गाइड, हस्तशिल्प और स्मृतिचिह्न के कारोबार में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
बौद्ध सर्किट को मिलेगी नई उड़ान, वाराणसी-गया-कुशीनगर एयरपोर्ट पर 2467 करोड़ का निजी निवेश
बौद्ध सर्किट के प्रमुख तीर्थ स्थलों को हवाई मार्ग से सीधे जोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वाराणसी, गया और कुशीनगर हवाई अड्डों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत एक ही समूह में
NRI Post Hindi Desk · 75 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





