|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
मनोरंजन

बिना लहसुन-प्याज सिर्फ 1 कप दही से बनाएं मथुरा वाली अरबी की सब्जी, बच्चे भी मांगेंगे बार-बार

अरबी की सब्जी तो अक्सर घरों में बनाई जाती है, लेकिन इस सब्जी को देखकर बच्चे मुंह बना लेते हैं। बच्चों को अरबी की सब्जी खास पसंद नहीं आती है और इसकी एक वजह यह भी है कि हर बार एक जैसी सूखी अरबी की सब्जी

NRI Post Hindi Desk · 66 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

अरबी की सब्जी तो अक्सर घरों में बनाई जाती है, लेकिन इस सब्जी को देखकर बच्चे मुंह बना लेते हैं। बच्चों को अरबी की सब्जी खास पसंद नहीं आती है और इसकी एक वजह यह भी है कि हर बार एक जैसी सूखी अरबी की सब्जी खाकर बच्चे बोर हो जाते हैं और उनको उसमें कोई स्वाद नहीं लगता है। ऐसे में एक बार घर पर मथुरा-आगरा वाली दही-अरबी की सब्जी बनाकर देखिए। राधा अष्टमी के दिन खासतौर पर यह सब्जी उत्तर प्रदेश में घरों में बनाई जाती है, जिसका स्वाद नॉर्मल अरबी की सब्जी से अलग होता है। इसमें एक कप दही डालकर सब्जी तैयार की जाती है, जिससे इसका स्वाद हल्का खट्टा और मसालेदार हो जाता है। गर्मागर्म रोटी या पराठे के साथ दही वाली अरबी का स्वाद काफी अच्छा लगता है और खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती। इसे बनाने में लहसुन और प्याज की भी जरूरत नहीं पड़ती, जिससे यह रेसिपी और भी आसान बन जाती है। दही वाली अरबी बनाने के लिए सामग्री की बात करें तो 500 ग्राम अरबी, 1 कप दही, 2 बड़े चम्मच तेल, आधा छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, 1 चुटकी हींग, आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, 1-2 हरी मिर्च, स्वादानुसार नमक, थोड़ा हरा धनिया और जरूरत के अनुसार पानी की आवश्यकता होती है। बनाने का आसान तरीका यह है कि सबसे पहले अरबी को अच्छी तरह धोकर उबाल लें। ध्यान रखें कि अरबी को बहुत ज्यादा न गलाएं, वरना काटते समय वह टूटने लगेगी। ठंडी होने पर इसका छिलका उतारकर अरबी को गोल या लंबाई में काट लें। अब एक पैन में तेल गर्म करें और इसमें जीरा, अजवाइन और हींग डालकर चटकाएं। इसके बाद कटी हुई अरबी डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें, इससे अरबी का स्वाद और टेक्सचर दोनों अच्छे आते हैं। अब गैस की धीमी आंच कर दें और इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें। मसालों को हल्का भूनने के बाद एक अलग बर्तन में फेंटा हुआ एक कप दही डालें। दही डालते समय गैस की आंच धीमी रखें और इसे लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं। दही अच्छी तरह मसालों के साथ मिल जाए तो जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें। अब इसमें स्वादानुसार नमक और हरी मिर्च डालकर सब्जी को कुछ मिनट पकने दें। जब ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी हो जाए और तेल किनारों पर दिखाई देने लगे तो इसमें गरम मसाला डालें। आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। इस तरह तैयार है स्वादिष्ट और मसालेदार दही वाली अरबी की सब्जी, जिसे गर्मागर्म रोटी, पराठे या पूरी के साथ सर्व करें। दही की हल्की खटास अरबी के स्वाद को और भी मजेदार बना देती है। अगली बार जब भी घर पर अरबी लेकर आएं तो दही वाली अरबी की यह रेसिपी जरूर आजमाएं।

🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!