|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
मनोरंजन

बायोपिक का जादू: राष्ट्रीय पुरस्कार की दौड़ में वास्तविक किरदारों का बढ़ता दबदबा

भारतीय सिनेमा में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार को किसी भी कलाकार के लिए उसकी कला की सबसे बड़ी सार्वजनिक मान्यताओं में से एक माना जाता है। लेकिन पिछले एक दशक के आंकड़ों पर नजर डालें तो हिंदी सिनेमा में एक

NRI Post Hindi Desk · 61 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

भारतीय सिनेमा में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार को किसी भी कलाकार के लिए उसकी कला की सबसे बड़ी सार्वजनिक मान्यताओं में से एक माना जाता है। लेकिन पिछले एक दशक के आंकड़ों पर नजर डालें तो हिंदी सिनेमा में एक दिलचस्प पैटर्न दिखाई देता है। ऐसा लगता है कि अगर कोई अभिनेता राष्ट्रीय पुरस्कार की दौड़ में मजबूती से उतरना चाहता है, तो सिर्फ एक बेहतरीन काल्पनिक किरदार निभा देना शायद अब उतना पर्याप्त नहीं रह गया है। बायोपिक और ऐतिहासिक घटनाएं अब राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने का आसान रास्ता बनती नजर आ रही हैं। वर्ष 2016 के बाद हिंदी सिनेमा के आठ सर्वश्रेष्ठ अभिनेता विजेताओं में पांच ऐसे हैं, जिन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार किसी शख्स की बायोपिक या किसी ऐतिहासिक घटना से प्रेरित फिल्मों की वजह से मिला। इनमें अक्षय कुमार की रुस्तम, अजय देवगन की तानाजी, विक्रांत मैसी की बारहवीं फेल, कार्तिक आर्यन की चंदू चैंपियन और आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी शामिल हैं। हिंदी सिनेमा में राष्ट्रीय पुरस्कार की बड़ी दौड़ में वास्तविक किरदारों की मौजूदगी लगातार मजबूत हुई है। यह बदलाव अचानक नहीं आया है। हिंदी सिनेमा में पहले भी बायोपिक पर बनी फिल्मों ने कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। अजय देवगन ने द लीजेंड ऑफ भगत सिंह का किरदार निभाकर पुरस्कार जीता था, इरफान खान को पान सिंह तोमर के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला और राजकुमार राव को शाहिद के लिए सम्मानित किया गया। लेकिन उस दौर की पूरी तस्वीर देखें तो विजेता सिर्फ बायोपिक या वास्तविक किरदारों तक सीमित नहीं थे। अमिताभ बच्चन ने अग्निपथ, ब्लैक, पा और पीकू जैसी फिल्मों के लिए पुरस्कार जीता था। यानी सवाल यह नहीं है कि बायोपिक करने से ही राष्ट्रीय पुरस्कार मिलता है, बल्कि सवाल यह है कि पिछले कुछ वर्षों में वास्तविक किरदारों की भूमिकाओं का पुरस्कार सर्किट में आकर्षण इतना क्यों बढ़ा है। अक्षय कुमार की रुस्तम इसका एक दिलचस्प उदाहरण है। फिल्म की कहानी 1959 के चर्चित केएम नानावटी केस से प्रेरित थी और अक्षय का किरदार रुस्तम पावरी वास्तविक नौसेना अधिकारी कवस मानेकशॉ नानावटी से प्रेरित था। अभिनेता ने किरदार के लिए अपना वजन घटाया और पारसी लहजे पर भी काम किया। विक्की कौशल की उरी द सर्जिकल स्ट्राइक भारत की वास्तविक सैन्य कार्रवाई से प्रेरित थी, हालांकि फिल्म का मेजर विहान सिंह शेरगिल एक काल्पनिक किरदार है, लेकिन उसकी पृष्ठभूमि वास्तविक सैन्य घटनाओं और अधिकारियों से प्रेरित है। अजय देवगन की तानाजी में भी इतिहास सामने था, क्योंकि तानाजी मालुसरे छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना के वास्तविक योद्धा थे और किरदार के लिए अभिनेता को तलवारबाजी और ढाल के इस्तेमाल जैसी युद्ध तकनीकों पर काम करना पड़ा। इसी तरह बारहवीं फेल में विक्रांत मैसी ने आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा का किरदार निभाया, जबकि चंदू चैंपियन में कार्तिक आर्यन ने पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया। इस भूमिका के लिए अभिनेता ने अपने शरीर में बड़ा बदलाव किया और रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने करीब चौदह महीनों में अपना वजन नब्बे किलो से घटाकर बहत्तर किलो किया तथा बॉडी फैट भी काफी कम किया। यहां एक दिलचस्प बात सामने आती है कि जब अभिनेता किसी काल्पनिक किरदार को निभाता है तो दर्शक उसके अभिनय को फिल्म के भीतर मौजूद दुनिया के संदर्भ में देखते हैं, लेकिन जब वही अभिनेता किसी वास्तविक व्यक्ति का किरदार निभाता है तो उसकी परफॉर्मेंस के लिए एक अतिरिक्त पैमाना मौजूद होता है, जिस वजह से उसे किरदार को अधिक स्क्रूटनी के साथ ऑब्जर्व किया जाता है। बहरहाल, बीते कई सालों के आंकड़े गवाही देते दिखाई दे रहे हैं कि राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के लिए बायोपिक पहली पसंद के तौर पर सामने आ रही है।

🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!
बायोपिक का जादू: राष्ट्रीय पुरस्कार की दौड़ में वास्तविक किरदारों का बढ़ता दबदबा — NRI Post