ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और अहम दिन है। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में एक बार फिर दुनिया के कई बड़े नेताओं का जमावड़ा होगा। सुबह 9:55 बजे भारत मंडपम के लेवल 2 पर ब्रिक्स साझेदार देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेताओं और मंत्रियों का आगमन शुरू होगा। सुबह 10:35 बजे भारत मंडपम के लेवल 2 पर फैमिली फोटो होगी, जिसके बाद सुबह 10:50 बजे समिट हॉल, लेवल 2, भारत मंडपम में शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन आयोजित किया जाएगा। इस ओपन सेशन में ‘बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी: शेपिंग द फ्यूचर फॉर इंक्लूसिव ग्लोबल ग्रोथ’ विषय पर दुनिया के बड़े नेता अपने विचार रखेंगे। यानी ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य’ थीम पर गहन मंथन होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी होंगी। दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ बैठक होगी, दोपहर 3:00 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ, दोपहर 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ, शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामाफोसा के साथ, शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये के साथ, शाम 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा के साथ और शाम 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ द्विपक्षीय बैठकें प्रस्तावित हैं। इस तरह ब्रिक्स के दूसरे दिन भी कूटनीति और अहम वैश्विक मुद्दों पर गहन मंथन जारी रहेगा। बता दें कि दिल्ली में हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का पहला दिन बेहद अहम रहा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के बड़े नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन रिश्तों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, वहीं व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार पर बातचीत हुई। गाला डिनर में भारत की सांस्कृतिक और विरासत की झलक दिखी, तो मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर माहौल में संगीत का रंग भर दिया। सबसे बड़ी उपलब्धि रही नई दिल्ली घोषणा-पत्र, जिसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ब्रिक्स देशों ने साझा रुख सामने रखा। शिखर सम्मेलन में भारत की मेजबानी का अंदाज़ भी खास नजर आया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम पहुंच रहे 11 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया, उनसे हाथ मिलाया और तस्वीरें भी खिंचवाईं। एक-एक कर दुनिया के बड़े नेता पहुंचे और प्रधानमंत्री मोदी ने हर मेहमान का भारतीय परंपरा और गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया। इसके बाद कई नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय बैठकें भी हुईं, जहां व्यापार, रणनीतिक साझेदारी, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। यानी ब्रिक्स के मंच पर भारत की मेजबानी भी दिखी और प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय कूटनीति भी।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का दूसरा दिन: भारत मंडपम में जुटेंगे दिग्गज, प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के साथ द्विपक्षीय बैठकें
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और अहम दिन है। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में एक बार फिर दुनिया के कई बड़े नेताओं का जमावड़ा होगा। सुबह 9:55 बजे भारत मंडपम के लेवल 2 पर ब्रिक्स साझेदार देशों और आउट
NRI Post Hindi Desk · 72 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


