|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में छाई मध्य प्रदेश की बाग प्रिंट, विदेशी प्रतिनिधियों ने खुद लगाए ठप्पे

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर सजाए गए 'ब्रिक्स बाजार' में मध्य प्रदेश के धार जिले की विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट कला आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। प्रा

NRI Post Hindi Desk · 73 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में छाई मध्य प्रदेश की बाग प्रिंट, विदेशी प्रतिनिधियों ने खुद लगाए ठप्पे
📷 NRI Post Hindi Desk

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर सजाए गए 'ब्रिक्स बाजार' में मध्य प्रदेश के धार जिले की विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट कला आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। प्राकृतिक रंगों और लकड़ी के बारीक नक्काशीदार ब्लॉक्स से तैयार होने वाली इस हस्तशिल्प कला का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीवंत प्रदर्शन किया जा रहा है, जहां देश-विदेश से पहुंचे उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों को बाग प्रिंट की विशिष्ट छपाई तकनीक, प्राकृतिक रंगों के वैज्ञानिक उपयोग और लकड़ी के ब्लॉक्स से कपड़े पर छपाई की सदियों पुरानी प्रक्रिया से परिचित कराया जा रहा है। ब्रिक्स बाजार का अवलोकन करने पहुंचे सदस्य और आमंत्रित देशों के प्रतिनिधियों ने बाग प्रिंट स्टॉल पर पहुंचकर ब्लॉक प्रिंटिंग की प्रक्रिया को बेहद करीब से देखा और इस वैश्विक अवसर के लिए विशेष रूप से 'ब्रिक्स' लोगो वाले लकड़ी के ब्लॉक्स तैयार किए गए थे। मध्य प्रदेश के धार जिले की विश्व प्रसिद्ध इस कला को प्रतिनिधियों ने न सिर्फ सराहा, बल्कि स्वयं लकड़ी के नक्काशीदार ठप्पों को प्राकृतिक रंगों में डुबोकर कपड़ों पर प्रिंट भी किया और अपने हाथों से तैयार किए गए इन प्रिंटेड कपड़ों को यादगार स्मृति-चिह्न के रूप में अपने साथ ले गए। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर मध्य प्रदेश के धार जिले के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित मास्टर क्राफ्ट्समैन मोहम्मद बिलाल खत्री की ओर से बाग प्रिंट का जीवंत प्रदर्शन किया जा रहा है। तमाम देशों से आए प्रतिनिधियों द्वारा इस पारंपरिक कला की बारीकियों को समझना और इसमें सहभागिता करना मध्य प्रदेश की समृद्ध शिल्प परंपरा के लिए एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि माना जा रहा है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के उपलक्ष्य में आयोजित इस ब्रिक्स बाजार में भारत के अलावा ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, वियतनाम, ईरान, कजाकिस्तान, इंडोनेशिया, मलेशिया, बेलारूस और इथियोपिया सहित दर्जनों देशों के प्रसिद्ध कलाकार व शिल्पकार भाग ले रहे हैं, जहां मध्य प्रदेश की बाग प्रिंट अपनी अमिट छाप छोड़ रही है। यह आयोजन न केवल भारत की समृद्ध हस्तशिल्प विरासत को वैश्विक पहचान दिला रहा है, बल्कि बाग प्रिंट जैसी पारंपरिक कलाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम भी बन रहा है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!