ब्रिक्स समिट के समापन सत्र में दिल्ली डिक्लेरेशन यानी नई दिल्ली घोषणा 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के सामने घोषणा का मसौदा रखा और पूछा कि क्या किसी देश को इस पर कोई आपत्ति है, और किसी भी सदस्य देश की तरफ से आपत्ति नहीं जताए जाने के बाद घोषणा को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। नई दिल्ली घोषणा में ब्रिक्स की आगे की दिशा और वैश्विक तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर सदस्य देशों के साझा रुख को शामिल किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि इस घोषणा में समिट के दौरान हुई चर्चाओं का सार और ब्रिक्स सहयोग को आगे बढ़ाने की प्राथमिकताएं सामने आती हैं। समापन संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच अलग-अलग मुद्दों पर विचारों में विविधता हो सकती है, लेकिन सहयोग को लेकर साझा प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और ऐसे में पुराने संस्थानों के जरिए बदलती दुनिया को आगे नहीं चलाया जा सकता। पीएम मोदी ने वैश्विक संस्थानों में प्रतिनिधित्व, जवाबदेही और नियम बनाने की प्रक्रिया में सुधार की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि बदलती वैश्विक जरूरतों के हिसाब से इन संस्थानों में सुधार किया जाना जरूरी है। दिल्ली डिक्लेरेशन में जंग और टकराव रोकने की कोशिशों को तेज करने की जरूरत बताई गई और विवादों की जड़ तक पहुंचकर उन्हें दूर करने पर जोर दिया गया। सदस्य देशों ने अंतरराष्ट्रीय विवादों का समाधान बातचीत, आपसी सलाह और कूटनीति के जरिए करने की प्रतिबद्धता दोहराई तथा वैश्विक मुद्दों पर ऐसा बहुपक्षीय तरीका अपनाने की बात कही, जिसमें अलग-अलग देशों के नजरिए और राष्ट्रीय हितों का सम्मान हो। घोषणा में एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों पर गंभीर चिंता जताई गई और कहा गया कि ऐसे कदम व्यापार को बिगाड़ते हैं तथा विश्व व्यापार संगठन के नियमों के अनुरूप नहीं हैं। ब्रिक्स देशों ने परमाणु खतरे और परमाणु टकराव के बढ़ते जोखिम पर भी गंभीर चिंता जताई। सदस्य देशों के बीच सीमा पार भुगतान को आसान बनाने के लिए बातचीत जारी रखने और व्यावहारिक समाधान तलाशने पर सहमति बनी, साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ माने जाने वाले एकतरफा दबाव वाले आर्थिक और दूसरे उपायों की निंदा की गई। संयुक्त घोषणा में वैश्विक व्यापार, आपूर्ति शृंखला और ऊर्जा की सुचारू आवाजाही बनाए रखने के लिए ब्रिक्स देशों के मिलकर काम करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। पीएम मोदी ने भविष्य की तकनीकों को लेकर ग्लोबल साउथ की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि ग्लोबल साउथ को नई तकनीकों के विकास के साथ-साथ उनसे जुड़े नियम तय करने की प्रक्रिया में भी बराबर भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर लिए गए फैसलों और उनके वास्तविक नतीजों के बीच जो दूरी है, उसे साझेदारी और मिलकर काम करने से कम करना होगा। ब्रिक्स समिट के दौरान पीएम मोदी ने संगठन के बीस साल पूरे होने के मौके पर दो डाक टिकट भी जारी किए और ब्रिक्स अध्यक्ष के तौर पर सभी सदस्य देशों के योगदान, रचनात्मक सोच और सहयोग के लिए आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि नई दिल्ली घोषणा ने ब्रिक्स के साझा संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा तय कर दी है और अब सदस्य देशों के सामने इन फैसलों को अमल में लाने तथा उन्हें ठोस नतीजों में बदलने की जिम्मेदारी है। समिट के बंद कमरे के सत्र के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी एक-दूसरे से हाथ मिलाया और बातचीत की।
ब्रिक्स समिट में दिल्ली घोषणा सर्वसम्मति से पास, पीएम मोदी बोले- संकल्पों को ठोस नतीजों में बदलना है
ब्रिक्स समिट के समापन सत्र में दिल्ली डिक्लेरेशन यानी नई दिल्ली घोषणा 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के सामने घोषणा का मसौदा रखा और पूछा कि क्या किसी द
NRI Post Hindi Desk · 73 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


