|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी की मैराथन डिप्लोमेसी: तीन दिन में 15 द्विपक्षीय बैठकें, पुतिन से लेकर जिनपिंग तक अहम मुलाकातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान तीन दिनों में अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ 15 औपचारिक द्विपक्षीय बैठकें कीं। विदेश मंत्रालय ने रविवार को इसक

NRI Post Hindi Desk · 72 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी की मैराथन डिप्लोमेसी: तीन दिन में 15 द्विपक्षीय बैठकें, पुतिन से लेकर जिनपिंग तक अहम मुलाकातें
📷 NRI Post Hindi Desk

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान तीन दिनों में अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ 15 औपचारिक द्विपक्षीय बैठकें कीं। विदेश मंत्रालय ने रविवार को इसकी जानकारी दी। भारत ने 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी की, जिसकी थीम 'बिल्डिंग रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी' रखी गई थी। सम्मेलन में 13 वैश्विक नेताओं के साथ कुल 17 प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचे। पीएम मोदी के कूटनीतिक कार्यक्रम की शुरुआत रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत से हुई। एक महीने से भी कम समय में दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात थी। इससे पहले 31 अगस्त को बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता मिले थे। मोदी-पुतिन की बैठक में रक्षा, ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा और क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर भी चर्चा की। रक्षा क्षेत्र की बातचीत में एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की पांचवीं रेजिमेंट की डिलीवरी, ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम के अपग्रेड और आरवीवी-बीडी लंबी दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की संभावित आपूर्ति जैसे मुद्दे शामिल रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा था। दोनों नेताओं ने चाबहार बंदरगाह, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और संघर्ष के व्यापार एवं ऊर्जा सुरक्षा पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चर्चा की। पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी बातचीत की, जिसमें दुनिया में जारी संघर्षों, बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार और विकासशील देशों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। शनिवार को पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठकों का सबसे व्यस्त दौर देखने को मिला। उन्होंने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद और वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह से मुलाकात की। इसके बाद शाम को प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच अहम बैठक हुई। जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक मोदी और जिनपिंग ने भारत-चीन संबंधों में धीरे-धीरे हो रहे सुधार का स्वागत किया और इस बात पर सहमति जताई कि भारत और चीन को प्रतिद्वंद्वी के बजाय साझेदार के रूप में आगे बढ़ना चाहिए। हालांकि पीएम मोदी ने साफ किया कि द्विपक्षीय संबंधों को लगातार आगे बढ़ाने के लिए सीमा पर शांति और स्थिरता जरूरी है। रविवार को भी प्रधानमंत्री का बैठकों का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात की। पीएम मोदी ने फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी, नाइजीरिया और युगांडा के नेताओं और प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ बातचीत में द्विपक्षीय सहयोग के साथ ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं पर विशेष जोर रहा। औपचारिक बैठकों के अलावा पीएम मोदी ने कई नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ छोटी अनौपचारिक बातचीत भी की। भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता का इस्तेमाल अलग-अलग देशों के साथ द्विपक्षीय हितों को आगे बढ़ाने के साथ ग्लोबल साउथ से जुड़े बड़े मुद्दों को उठाने के लिए किया। नई दिल्ली ने मजबूत और लचीली सप्लाई चेन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार में स्थानीय मुद्राओं के ज्यादा इस्तेमाल और वैश्विक संस्थानों में सुधार की वकालत की, ताकि विकासशील देशों को ज्यादा प्रतिनिधित्व मिल सके।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!