मध्यप्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी जय मीना ने जापान के आइची-नागोया में जारी 20वें एशियाई खेलों में सॉफ्ट टेनिस के पुरुष एकल वर्ग में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक सुनिश्चित किया है। इस उपलब्धि के साथ ही जय मीना एशियाई खेलों के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस में भारत को पदक दिलाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पुरुष एकल के सेमीफाइनल में जय मीना का सामना जापान के ताकुया कुरोसाका से हुआ, जहां उन्होंने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन उन्हें 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही जय ने भारत के लिए कांस्य पदक पक्का कर इतिहास रच दिया। इससे पहले जय मीना ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में फिलीपींस के खिलाड़ी के खिलाफ बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई थी, जहां निर्णायक चरण तक पहुंचे इस मुकाबले में उनके शानदार प्रदर्शन ने भारत का पदक सुनिश्चित किया। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने जय मीना को ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि जय मीना की उपलब्धि मध्यप्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सॉफ्ट टेनिस में भारत को एशियाई खेलों का पहला पदक दिलाकर जय ने भारतीय खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है और उनकी सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। जय मीना ने साल 2022 में गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में पुरुष एकल का स्वर्ण पदक जीता था और पुरुष टीम तथा युगल स्पर्धाओं में भी मध्यप्रदेश के पदक अभियान में योगदान दिया था, जबकि साल 2025 में वे पुरुष एकल के राष्ट्रीय चैंपियन बने। इससे पहले जय मीना ने वर्ष 2024 में विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में अंडर-21 मिश्रित युगल में आध्या तिवारी के साथ कांस्य पदक जीतकर भारतीय सॉफ्ट टेनिस में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की थी और यह विश्व चैंपियनशिप में भारत की पहली पदक विजेता जोड़ी बनी थी। जय मीना का खेल सफर भी काफी दिलचस्प रहा है, क्योंकि देवास के पायनियर पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान उन्होंने पहली बार सॉफ्ट टेनिस कोर्ट देखा था और शुरुआत में वह केवल खिलाड़ियों को देखने तथा बॉल बॉय के तौर पर मदद करने जाते थे। धीरे-धीरे इस खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ी और उन्होंने खुद खेलना शुरू किया, फिर स्कूल और जिला प्रतियोगिताओं से आगे बढ़ते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई तथा महज 14 वर्ष की उम्र में जापान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करना शुरू कर दिया था। जय मीना का यह कांस्य पदक भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि एशियाई खेलों के मंच पर भारत के लिए इस खेल का पहला पदक जीतकर जय ने देश का गौरव बढ़ाया है और साथ ही मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
बॉल बॉय से एशियाई खेलों के पदक तक: जय मीना ने रचा इतिहास, सॉफ्ट टेनिस में भारत को दिलाया पहला कांस्य
मध्यप्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी जय मीना ने जापान के आइची-नागोया में जारी 20वें एशियाई खेलों में सॉफ्ट टेनिस के पुरुष एकल वर्ग में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक सुनिश्चित किया है। इस उपलब्धि के साथ
NRI Post Hindi Desk · 62 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



