नई दिल्ली। बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान अलग-अलग जगहों पर डूबने से कुल 17 लोगों की मौत हो गई है। सबसे दर्दनाक हादसा औरंगाबाद जिले में सामने आया, जहां कुटुंबा थाना क्षेत्र के सिंघना गांव में तीन सहेलियां तालाब में कर्मा पूजा की सामग्री विसर्जन करने गई थीं। विसर्जन के बाद नहाने के दौरान पुष्पांजलि, पायल और छाया गहरे पानी में डूबने लगीं। तीनों को डूबते देख 17 वर्षीया आकांक्षा ने बचाने के लिए खुद तालाब में छलांग लगा दी। आकांक्षा तीनों बच्चियों को सुरक्षित तालाब किनारे लाकर खुद गहरे पानी में डूब गई और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव तालाब से निकाला गया। बिहार में बुधवार को कर्मा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान 12 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें से पांच के शव बरामद कर लिए गए हैं। पटना जिले के बाढ़ में दो बच्चों, बख्तियारपुर में तीन किशोरों, मनेर में एक महिला और दो किशोरियों, अथमलगोला में सगे भाई-बहन और धनरुआ में एक किशोरी की डूबने से जान चली गई। झारखंड के पलामू जिले में भी बुधवार को कर्मा पर्व के समापन अवसर पर पूजित कर्म डाली के विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में एक बच्चे और एक किशोरी समेत पांच लोगों की नदी में डूबकर मौत हो गई। एक बच्चे, एक किशोर व दो युवकों समेत चार के शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बोकाया नदी घाट में बरामद हुए, जबकि इनके साथ नदी में डूबा एक आठ वर्षीय बच्चा अब भी लापता है। बताया जाता है कि डाली विसर्जन के दौरान एक युवक नीतीश सिंह नदी में उतरा और गहरे पानी में जाने के बाद डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य चार भी नदी में उतर गए और नदी की तेज धार में सभी बह गए। मालूम हो कि कर्मा भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक और प्रकृति की उपासना का पर्व है। मंगलवार को यह त्योहार राज्यभर में धूमधाम से मनाया गया, जिसमें करम वृक्ष की डाली की पूजा की जाती है। पर्व के समापन अवसर पर पूजित करम वृक्ष की डाली का नदी-तालाबों में विसर्जन किया जाता है। विसर्जन के दौरान नहाने और गहरे पानी में जाने से यह दर्दनाक हादसे हुए, जिनमें कई बच्चों, किशोरों और महिलाओं की जान चली गई। प्रशासन की ओर से शवों की बरामदगी और लापता बच्चे की तलाश जारी है।
बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान 17 की डूबकर मौत, औरंगाबाद में सहेलियों को बचाते हुए लड़की की जान गई
नई दिल्ली। बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान अलग-अलग जगहों पर डूबने से कुल 17 लोगों की मौत हो गई है। सबसे दर्दनाक हादसा औरंगाबाद जिले में सामने आया, जहां कुटुंबा थाना क्षेत्र के स
NRI Post Hindi Desk · 62 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


