बिहार के विश्वविद्यालयों में चार वर्षीय स्नातक शिक्षुता अंतर्निहित डिग्री कार्यक्रम के तहत सात नए पाठ्यक्रम शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल सह कुलाधिपति ने बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 और पटना विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 के तहत आने वाले उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए संशोधित अध्यादेश एवं विनियमों को मंजूरी दे दी है। यह स्वीकृति 30 सितंबर, 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इसके तहत विद्यार्थियों को स्नातक की चार वर्षीय पढ़ाई के साथ संबंधित क्षेत्र में शिक्षुता यानी अप्रेंटिसशिप का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें डिग्री के साथ व्यावहारिक कार्य अनुभव भी प्राप्त होगा। जिन सात नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिली है, उनमें कला स्नातक के तहत विषय वस्तु एवं रचनात्मक लेखन शामिल है। वाणिज्य स्नातक के चार पाठ्यक्रमों में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा, ई-कामर्स संचालन, मानव संसाधन संचालन तथा खुदरा संचालन को जगह दी गई है। इसके अलावा विज्ञान स्नातक के तहत स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन का पाठ्यक्रम शुरू होगा। सातवें पाठ्यक्रम के रूप में बैचलर ऑफ साइंस आनर्स के तहत इलेक्ट्रानिक्स विषय रखा गया है, जिसमें डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स में मेजर तथा सोलर फोटोवोल्टिक सिस्टम या डेटा साइंस में माइनर का विकल्प मिलेगा। नई अधिसूचना के अनुसार, ये पाठ्यक्रम शुरू करने से पहले संबंधित विश्वविद्यालयों को अपने वैधानिक निकायों से संशोधित अध्यादेश एवं विनियमों को मंजूरी दिलानी होगी। इसके लिए एकेडमिक परिषद के साथ सिंडिकेट और सीनेट की स्वीकृति आवश्यक होगी, यदि यह पहले से नहीं ली गई है। इसके अलावा संबंधित उच्च शिक्षा संस्थान को संशोधित अध्यादेश एवं विनियमों के पैरा-10 के अनुसार त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन यानी एमओयू भी करना होगा। यानी पाठ्यक्रम शुरू करने से पहले संस्थान को निर्धारित प्रक्रिया और समझौते की शर्तों को पूरा करना अनिवार्य होगा। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 27 मई, 2026 की पूर्व अधिसूचना के आधार पर जिन विद्यार्थियों का प्रवेश लिया जा चुका है, उन्हें संशोधित चार वर्षीय अध्यादेश एवं विनियमों के तहत लिया गया प्रवेश माना जाएगा। इससे पहले से दाखिला ले चुके विद्यार्थियों की स्थिति पर संशोधन का प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। यह कदम बिहार के उच्च शिक्षा संस्थानों में रोजगारपरक और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी होने के साथ ही संबंधित क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव भी हासिल हो सकेगा।
बिहार के विश्वविद्यालयों में शुरू होंगे सात नए कोर्स, चार साल की डिग्री के साथ मिलेगी अप्रेंटिसशिप
बिहार के विश्वविद्यालयों में चार वर्षीय स्नातक शिक्षुता अंतर्निहित डिग्री कार्यक्रम के तहत सात नए पाठ्यक्रम शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल सह कुलाधिपति ने बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनिय
NRI Post Hindi Desk · 51 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




