|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

बिहार में देसी मछलियों पर मंडराया संकट, मखाना खेती और कीटनाशक बने विलुप्ति का कारण

बिहार के कोसी-सीमांचल क्षेत्र में प्राकृतिक देसी मछलियों का अस्तित्व गंभीर संकट में है। कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड क्षेत्र सहित आसपास की नदियों, ढाबों और प्राकृतिक जलाशयों से पौष्टिकता से भरपूर दे

NRI Post Hindi Desk · 47 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
बिहार में देसी मछलियों पर मंडराया संकट, मखाना खेती और कीटनाशक बने विलुप्ति का कारण
📷 NRI Post Hindi Desk

बिहार के कोसी-सीमांचल क्षेत्र में प्राकृतिक देसी मछलियों का अस्तित्व गंभीर संकट में है। कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड क्षेत्र सहित आसपास की नदियों, ढाबों और प्राकृतिक जलाशयों से पौष्टिकता से भरपूर देसी मछलियां तेजी से गायब हो रही हैं। इस विलुप्ति का मुख्य कारण नदियों और जलाशयों में मखाना की अनियंत्रित खेती तथा अंधाधुंध कीटनाशकों व तेज रासायनिक उर्वरकों का बढ़ता प्रयोग है। जानकारों के अनुसार, प्राकृतिक जलधाराओं में बड़े पैमाने पर मखाना की फसल उगाने के लिए खरपतवार नाशक और कीट नाशक रसायनों का भारी छिड़काव किया जा रहा है, जिसके कारण टेंगरा, पोपता, बचुआ, झींगा, मांगुर, सिंघी, बुआरी और देसी रोहू जैसी दुर्लभ प्रजातियां या तो विलुप्त हो चुकी हैं या उनकी तादाद नगण्य रह गई है। इस जहरीले पानी ने छोटी मछलियों की प्राकृतिक नर्सरी को नष्ट कर दिया है। इसके अलावा अधिक मुनाफे के चक्कर में तालाबों और पोखरों में तेजी से बढ़ने वाली हाइब्रिड मछलियों का जीरा डाला जा रहा है, जिससे पारंपरिक देसी प्रजातियों का संवर्धन पूरी तरह रुक गया है। इलाके के बुजुर्गों और मछली व्यवसायियों का कहना है कि पहले स्थानीय जलधाराओं में प्रचुर मात्रा में मिलने वाली ये मछलियां अब ढूंढने से भी नहीं मिलतीं। यदि कभी ग्रामीण हाट-बाजारों में ये मछलियां थोड़ी मात्रा में आ भी जाती हैं, तो उनके दाम आसमान छूने लगते हैं और वे आम उपभोक्ताओं की पहुंच से बाहर हो जाती हैं। यही वजह है कि स्थानीय मांसाहारी आबादी अब पोखरों की सामान्य मछलियों या फिर आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड से ट्रकों में बर्फ लगाकर मंगाई जाने वाली चालानी मछलियों पर निर्भर रहने को विवश है। देसी मछलियों की नस्ल खत्म होने के पीछे मानवजनित क्रूर तरीके भी जिम्मेदार हैं। बरसात के दिनों में जब बाढ़ के पानी और नदी की तेज धार में मछलियां प्रजनन कर अंडे देती हैं, तो उस दौरान कुछ असामाजिक तत्व बारीक प्लास्टिक जाल लगाकर उन अंडों और छोटे जीरों को समेट लेते हैं। इसके अतिरिक्त पानी में जहर डालकर मछलियों को मारने का खतरनाक चलन भी शुरू हुआ है, जिससे बड़ी मछलियों के साथ-साथ करोड़ों सूक्ष्म जीव, पौधे और छोटी मछलियां एक साथ दम तोड़ देती हैं। वहीं नदियों में चट्टी जाल व महाजाल लगाकर जीरा मछलियों को भी बाजार में खपा दिया जाता है, जिससे उनकी अगली पीढ़ी पैदा ही नहीं हो पाती। इस पर्यावरणीय संकट के कारण पारंपरिक रूप से मछली पकड़ने और बेचने के धंधे से जुड़े परिवारों की रोजी-रोटी छिन गई है और वे दूसरे पेशों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। आयुर्वेद से लेकर आधुनिक चिकित्सा विज्ञान तक जिन छोटी देसी मछलियों को प्रोटीन, विटामिन और आंखों की रोशनी के लिए अमृत समान मानते हैं, वही मछलियां आज जलस्रोतों से पूरी तरह साफ हो चुकी हैं। समय रहते इस पर कानूनी रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में कोसी-सीमांचल की पहचान बन चुकीं ये मछलियां सिर्फ किताबों में ही सिमट कर रह जाएंगी।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!