|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
इमिग्रेशन

बिहार में बड़ा पासपोर्ट घोटाला: 30 अफगानी और 2 बांग्लादेशी नागरिकों ने बनवाए भारतीय पासपोर्ट

बिहार में विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से आधार और मतदाता पहचान पत्र बनने की खबरों के बीच एक और बड़ा मामला सामने आया है। विदेश और गृह मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में निवास करने वाले 31 संदिग

NRI Post Hindi Desk · 56 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
बिहार में बड़ा पासपोर्ट घोटाला: 30 अफगानी और 2 बांग्लादेशी नागरिकों ने बनवाए भारतीय पासपोर्ट
📷 NRI Post Hindi Desk

बिहार में विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से आधार और मतदाता पहचान पत्र बनने की खबरों के बीच एक और बड़ा मामला सामने आया है। विदेश और गृह मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में निवास करने वाले 31 संदिग्ध अफगानी नागरिकों ने भारतीय पासपोर्ट बना लिया है। इनमें से 30 अफगानी नागरिकों के पास अफगानी पासपोर्ट भी हैं। इसके अलावा दो बांग्लादेशी नागरिकों के भी बिहार के पते पर भारतीय पासपोर्ट बनवाए जाने की रिपोर्ट है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के क्षेत्रीय पासपोर्ट पदाधिकारी की ओर से बिहार के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में यह जानकारी दी गई है। पत्र के अनुसार, इनमें से 29 अफगानी नागरिकों का पता पटना जिला का है, जबकि एक ने अपना पता दरभंगा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि पुलिस सत्यापन के बाद भी इन विदेशी नागरिकों को भारतीय पासपोर्ट कैसे जारी हो गए। क्षेत्रीय पासपोर्ट पदाधिकारी के पत्र में स्पष्ट संकेत दिया गया है कि यहां एक बड़ा रैकेट काम कर रहा है, जिसके कारण दो बांग्लादेशी नागरिकों के भी बदले हुए नामों पर भारतीय पासपोर्ट बनाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में मो. बेलाल हसन भुइयां के नाम से पासपोर्ट है, लेकिन मुजफ्फरपुर के दीवान रोड, नगर थाना के पते पर मोहम्मद आफताब के नाम से उसका भारतीय पासपोर्ट जारी हुआ है। वहीं एक अन्य बांग्लादेशी पासपोर्टधारी मो. उमर ने खगड़िया के पते पर भारतीय पासपोर्ट जारी कराया है, जहां उसका नाम मो. उमर फारुख और पता गांव मारर, थाना मोरकही, जिला खगड़िया दर्ज है। अफगानी नागरिकों के मामले में भी इसी तरह की धोखाधड़ी सामने आई है। मोहम्मद अली खाकसर का पटना के पते पर मो. जमाल खान के नाम से भारतीय पासपोर्ट जारी हुआ है, जिसमें पूरा पता खुर्शीद मंजिल, एक्जीबिशन रोड, गांधी मैदान दर्ज है। एक अन्य अफगानी पासपोर्टधारी इस्लाम शाह अशना का पटना के पते पर भारतीय पासपोर्ट जारी हुआ है, जिसका पता पटना सुपर मार्केट, बी ब्लाक, फ्लैट नंबर 303, फ्रेजर रोड दर्ज है। रिपोर्ट में एक संदिग्ध व्यक्ति सलमान खान का भी जिक्र है, जिसके बारे में स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसके पास अफगानी पासपोर्ट है या नहीं। हालांकि, उसकी पत्नी और सात बच्चों के नाम से भारतीय पासपोर्ट जारी है और इनके नाम से अफगानी पासपोर्ट भी हैं। सलमान खान के आधार पर इन आठ लोगों को भारतीय नागरिकता मिलने पर विदेश मंत्रालय ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। पत्र में यह भी बताया गया है कि बच्चों के पासपोर्ट को छोड़कर सभी पासपोर्ट पुलिस सत्यापन के बाद जारी किए गए हैं और सभी ने फर्जी आधार या अन्य पहचान पत्र का उपयोग कर पासपोर्ट बनवाए हैं। इस मामले में विशेष शाखा के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने पटना, मुजफ्फरपुर और खगड़िया के जिलाधिकारियों तथा पटना और मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और खगड़िया के पुलिस अधीक्षक से जांच कर रिपोर्ट मांगी है और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

🔔 इमिग्रेशन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!