बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को राज्य में बड़े निवेश का रास्ता खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में देश के कई प्रमुख औद्योगिक घरानों की ओर से पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणाएं की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य बिहार को उद्योग और निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करना है। निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के साथ रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। बिहार की कृषि संपदा को उद्योग से जोड़ने के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत मखाना, मक्का, आम और लीची के अलग-अलग क्लस्टर विकसित करने की योजना है। इससे किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर बाजार मिलेगा और उद्यमियों को स्थानीय स्तर पर उद्योग लगाने के अवसर मिलेंगे। कच्चे कृषि उत्पादों के बजाय प्रसंस्कृत उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देकर उनकी कीमत और बाजार दोनों का विस्तार किया जा सकेगा। चूंकि बिहार की लगभग 89 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है, इसलिए औद्योगिक विकास की योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने पर विशेष जोर है। खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना से किसानों, छोटे कारोबारियों और स्थानीय युवाओं को लाभ मिल सकता है और गांवों में ही रोजगार के अवसर पैदा होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। बड़े निवेश के साथ छोटे और मध्यम उद्योगों को भी मजबूत करने की तैयारी है। इसके लिए पिछले महीने बिहार एमएसएमई नीति लागू की गई है और छोटे उद्यमियों तथा व्यापारियों को भुगतान संबंधी विवादों से राहत दिलाने के लिए नए नियम भी बनाए गए हैं। राज्य में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करने के लिए बिहटा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और मुंगेर जैसे शहरों में नए केंद्र खोले गए हैं। बड़े उद्योगों को आकर्षित करने के लिए बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति की अवधि भी बढ़ाई गई है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए एक जिला-एक उत्पाद योजना पर जोर दिया जा रहा है, जिसके तहत उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग की पूरी व्यवस्था विकसित करने की तैयारी है। कृषि आधारित उद्योगों के लिए बिहार में संभावनाओं की कमी नहीं है। देश के कुल मखाना उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत है, वहीं लीची और मक्का उत्पादन में भी राज्य अग्रणी है। मक्का का इस्तेमाल खाद्य प्रसंस्करण के साथ एथनाल उत्पादन में भी किया जा रहा है। ऐसे में इन उत्पादों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर बिहार कृषि उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण और निर्यात के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना सकता है। अब सबसे बड़ी चुनौती घोषित निवेश को जमीन पर उतारने और स्थानीय युवाओं तक रोजगार का लाभ पहुंचाने की होगी।
बिहार में 5 लाख करोड़ के निवेश से औद्योगिक क्रांति, खाद्य प्रसंस्करण पर विशेष जोर
बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को राज्य में बड़े निवेश का रास्ता खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्रा
NRI Post Hindi Desk · 5 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




