आज की जेन जी पीढ़ी सिर्फ नौकरी और सैलरी तक सीमित नहीं रहना चाहती है। उनके लिए ऑफिस में सम्मान, काम और निजी जीवन के बीच संतुलन तथा अपनी बात रखने की आजादी भी काफी मायने रखती है। ऐसे में बॉस की कुछ बातें उन्हें बुरी लग सकती हैं। कई बार मैनेजर इन बातों को सामान्य तरीके से कह तो देते हैं, लेकिन कर्मचारियों को इनमें लहजा, दबाव या उनकी काबिलियत पर सवाल नजर आता है। जेन जी कार्यस्थल पर बहुत ही मुक्त मन के साथ काम करना चाहती है, हालांकि ये हर बार संभव नहीं हो पाता, लेकिन एक अच्छे मैनेजर का सपोर्ट उसके लिए बहुत मायने रखता है। ऐसे में मेहनत के बीच मैनेजर की कुछ बातें उनका मनोबल तोड़ सकती हैं। बॉस या मैनेजर की वो कौन-सी बातें हैं जो जेन जी या कार्यस्थल पर नए आए लोगों को चुभती हैं, आइए जानते हैं। पहली बात है कि बॉस कहता है कि हमारा ऑफिस एक परिवार की तरह है। सुनने में यह बात अच्छी लगती है, लेकिन जेन जी के कुछ कर्मचारियों को इससे परेशानी हो सकती है। उन्हें लगता है कि परिवार का नाम लेकर उनसे तय समय से ज्यादा काम करने या अपनी छुट्टियां छोड़ने की उम्मीद की जा सकती है। जेन जी अपने सहकर्मियों के साथ अच्छे रिश्ते जरूर चाहती है, लेकिन वह काम और निजी जीवन के बीच की सीमा भी बनाए रखना चाहती है। दूसरी बात है कि बॉस कहता है कि नौकरी मिली है, इसके लिए शुक्र मनाओ। ये बात सुनकर कर्मचारियों को लग सकता है कि उनकी मेहनत और परेशानियों की कोई अहमियत नहीं है। जेन जी सिर्फ नौकरी मिलने को ही काफी नहीं मानती है। वह ये भी देखना चाहती है कि उसे सही सैलरी, काम सीखने के मौके और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है या नहीं। नौकरी की जरूरत होने का मतलब ये नहीं कि कर्मचारी अपनी हर परेशानी पर चुप रहें। तीसरी बात है कि बॉस कहता है कि मुझे नहीं पता कैसे करोगे, बस काम पूरा चाहिए। किसी काम को पूरा करने की जिम्मेदारी लेना और बिना सही जानकारी के काम करने को मजबूर होना, दोनों अलग बातें हैं। जब बॉस काम का मकसद, जरूरी जानकारी या समय सीमा साफ नहीं बताता, तो कर्मचारी के लिए सही नतीजा देना मुश्किल हो सकता है। जेन जी को काम की जिम्मेदारी से परेशानी नहीं, बल्कि बिना स्पष्ट निर्देशों के काम करने से परेशानी हो सकती है। चौथी बात है कि बॉस कहता है कि तुम अभी बहुत छोटे हो, तुम्हें समझ नहीं आएगा। किसी की उम्र के आधार पर उसकी बात को गलत मान लेना जेन जी कर्मचारियों को काफी खटकता है। नई पीढ़ी तकनीक, सोशल मीडिया और बदलते रुझानों को बेहतर तरीके से समझ सकती है। इसका मतलब ये नहीं कि उसकी दी गई हर सलाह सही होगी, लेकिन उसकी बात सुने बिना उसे अस्वीकार कर देना सही तरीका नहीं है। कर्मचारी चाहते हैं कि उनकी राय को उम्र के बजाय उसकी गुणवत्ता के आधार पर परखा जाए। पांचवीं बात है कि बॉस कहता है कि हम यहां हमेशा से ऐसे ही काम करते आए हैं। जब भी कोई कर्मचारी काम करने का नया तरीका बताता है या सलाह देता है, तो ये जवाब उसकी कोशिश पर पानी फेर सकता है। जेन जी तकनीक और नए विचारों की मदद से काम को आसान और बेहतर बनाने में रुचि रखती है। ऐसे में पुरानी प्रक्रिया को बिना वजह जारी रखने की जिद उन्हें परेशान कर सकती है। वे हर पुरानी चीज को गलत नहीं मानते, लेकिन ये जानना चाहते हैं कि किसी काम को करने का तरीका बदला क्यों नहीं जा सकता। आखिर जेन जी अपने बॉस से क्या चाहती है? जेन जी कर्मचारियों को हर तरह की आलोचना या काम के दबाव से परेशानी नहीं होती है। असली फर्क इस बात से पड़ता है कि बॉस अपनी बात कैसे कहता है। साफ निर्देश, मेहनत की पहचान, सम्मानजनक बातचीत और निजी जीवन के लिए समय देना ऑफिस का माहौल बेहतर बना सकता है। आखिरकार, एक अच्छा मैनेजर वह नहीं जो हर बात पर सहमति जताए, बल्कि वह है जो अपनी टीम की बात सुने और अपनी उम्मीदों को साफ तरीके से समझाए।
बॉस की ये 5 बातें सुनकर चिढ़ जाते हैं जेन जी एम्प्लॉय, जानें क्यों?
आज की जेन जी पीढ़ी सिर्फ नौकरी और सैलरी तक सीमित नहीं रहना चाहती है। उनके लिए ऑफिस में सम्मान, काम और निजी जीवन के बीच संतुलन तथा अपनी बात रखने की आजादी भी काफी मायने रखती है। ऐसे में बॉस की कुछ बातें
NRI Post Hindi Desk · 27 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



